खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी के सिलावद में अवैध हथियारों की खेप पकड़ी, अंतरजिला नेटवर्क से जुड़े दो आरोपी पुलिस गिरफ्त में

मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी सफल, हथियार सप्लाई श्रृंखला के अन्य आरोपियों की तलाश जारी

जनोदय पंच।  बड़वानी जिले की सिलावद पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 अवैध अग्निशस्त्र बरामद किए हैं। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल, मोबाइल और परिवहन सामग्री जब्त की गई है। मामले में सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।


सूचना के आधार पर बनाई गई रणनीति

अवैध हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत सिलावद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति इंदौर की ओर से पलसूद क्षेत्र में अवैध हथियार खरीदकर सिलावद मार्ग से वापस लौटने वाले हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक रामकृष्ण लौवंशी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर तथा एसडीओपी महेश सुनैया के मार्गदर्शन में ग्राम हिरकराय के पास चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की गई।

तलाशी में सामने आया अवैध हथियारों का जखीरा

पुलिस ने हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (एमपी 09 एएफ 4320) को रोककर तलाशी ली। बैग से 06 देशी 32 बोर पिस्टल और 06 देशी 12 बोर कट्टे बरामद हुए। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर विपेन्द्र सिंह पिता वीरसिंह सिकरवार निवासी ग्राम खिरोली, जिला भिण्ड तथा अंकुश सिंह पिता उदय सिंह चौहान निवासी ग्राम रहावली, जिला भिण्ड को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से भी विभिन्न मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।

पूछताछ में सामने आया सप्लाई नेटवर्क

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि अवैध हथियार कृष्णा सिकलीगर निवासी उण्डी खोदरी, थाना पलसूद से खरीदे गए थे। इन्हें भिण्ड निवासी बबलू ठाकुर तक पहुंचाया जाना था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। थाना सिलावद में अपराध क्रमांक 227/2026 के तहत धारा 25(1)(a) आयुध अधिनियम, 1959 में मामला दर्ज कर विवेचना जारी है।

पुलिस टीम की रही सक्रिय भूमिका

कार्रवाई के दौरान कुल लगभग ₹2,00,300 मूल्य की सामग्री जब्त की गई, जिसमें 12 अवैध हथियार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा पैकिंग एवं परिवहन सामग्री शामिल है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रामकृष्ण लौवंशी, सउनि. सुरेश पाटीदार, सउनि. हेमराज वर्मा, प्र.आर. संदेश, प्र.आर. यशवन्त यादव, आर. अंतरसिंह रावत, आर. राधे, आर. सावन सोलंकी, आर. जीतू काग, आर. हरलाल मसरे, आर. पार सिंह तथा आर. सुनील की प्रमुख भूमिका रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!