बड़वानी में 230 से अधिक साइबर जागरूकता कार्यक्रमों के साथ सेफ क्लिक 2.0 अभियान संपन्न, छात्रों को किया जागरूक
निवाली के कस्तूरबा आश्रम और स्वराज स्कूल में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने साइबर सुरक्षा का दिया संदेश

जनोदय पंच। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक चले “सेफ क्लिक 2.0” अभियान का बड़वानी जिले में समापन हुआ। अभियान के दौरान 230 से अधिक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। समापन अवसर पर निवाली के कस्तूरबा आश्रम और स्वराज स्कूल में छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी गई।
निवाली में आयोजित हुआ समापन कार्यक्रम
मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल की उपस्थिति में निवाली स्थित कस्तूरबा आश्रम एवं स्वराज स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं, छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों को साइबर सुरक्षा, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय
पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने कस्तूरबा आश्रम में अध्ययनरत छात्राओं को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, एटीएम कार्ड, यूपीआई पिन, ओटीपी तथा बैंक खातों से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी। उन्होंने सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने, संदिग्ध कॉल, मैसेज अथवा लिंक पर विश्वास नहीं करने की अपील की। साथ ही साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने अथवा निकटतम पुलिस थाने में सूचना देने की सलाह दी। इसके बाद स्वराज स्कूल में भी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराधों के बदलते तरीकों तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के बारे में जागरूक किया गया।

महिला सुरक्षा पर भी किया गया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान महिला थाना बड़वानी की उनि रचना तोमर ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव की महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया।

15 दिवसीय अभियान में बने नए आयाम
15 दिवसीय “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के दौरान जिले में 230 से अधिक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालयों, अस्पतालों, बैंकों, शासकीय कार्यालयों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। साइबर जागरूकता रथ के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया। संजीवनी कॉलेज और मधुबन कॉलेज के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से जागरूकता फैलाई। बच्चों के लिए “अटकन-चटकन” और “मोटू-पतलू” आधारित जागरूकता वीडियो भी प्रदर्शित किए गए। लगभग 10,000 वर्गफुट क्षेत्रफल में मानव क्यूआर (QR) कोड बनाकर साइबर सुरक्षा का अभिनव संदेश दिया गया। अभियान में कार्टूनिस्ट स्माइल लहरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी स्नेहा दाऊदे, अंतरराष्ट्रीय पंजा खिलाड़ी मनोज पटेल, भारतीय टीम (दिव्यांग) लोकेन्द्र आर्य तथा “हम साइकिल वाले” समूह ने भी सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, साइबर सेल प्रभारी उनि रितेश खत्री, थाना प्रभारी निवाली उनि वीर बहादुर सिंह चौहान, महिला थाना बड़वानी की उनि रचना तोमर, कस्तूरबा आश्रम निवाली की प्रमुख संचालिका पुष्पा दीदी, मीडिया प्रतिनिधिगण, शिक्षकगण तथा लगभग 500 से 600 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




