खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी के सिलावद थाने में पुलिस-जनसहयोग का सम्मान, एसपी ने 30 जनप्रतिनिधियों व ग्राम पटेलों को किया सम्मानित

ISO 9001 प्रमाणन के बाद एसपी श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने किया थाना परिसर का निरीक्षण, पुलिस चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

जनोदय पंच। थाना सिलावद को ISO 9001 प्रमाण-पत्र मिलने के बाद थाना परिसर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान व्यवस्थाओं, स्वच्छता, अभिलेखों और पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस-जनसहयोग को मजबूत करने के लिए 30 जनप्रतिनिधियों व ग्राम पटेलों को सम्मानित किया गया तथा पौधारोपण किया गया।

व्यवस्थाओं और पुलिसिंग व्यवस्था का लिया जायजा

पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने थाना सिलावद पहुंचकर थाना परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की व्यवस्थाओं, स्वच्छता, अभिलेखों, पुलिसिंग व्यवस्था तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। बेहतर पुलिसिंग एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

पुलिस चौपाल में ग्रामीणों से किया संवाद

इस अवसर पर पुलिस चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों एवं आमजन से संवाद किया गया। पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों की समस्याओं एवं सुझावों को सुना और आवश्यक निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग के माध्यम से क्षेत्र में प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बात कही।

30 जनप्रतिनिधियों और ग्राम पटेलों का सम्मान

थाना सिलावद को ISO प्रमाणित कराने में महत्वपूर्ण सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम पटेलों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कुल 30 व्यक्तियों को प्रशस्ति-पत्र एवं शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि पुलिस एवं जनता के आपसी सहयोग से बेहतर एवं प्रभावी पुलिसिंग को और मजबूत किया जा सकता है।

थाना परिसर में किया पौधारोपण

थाना परिसर में जनप्रतिनिधियों, ग्राम पटेलों एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। इस दौरान पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने थाना सिलावद के ISO प्रमाणन पर उप निरीक्षक श्री रामकृष्ण लौवंशी एवं समस्त पुलिस स्टाफ को बधाई देते हुए उत्कृष्ट कार्य जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया, रक्षित निरीक्षक श्री गजेन्द्रसिंह निंगवाल, रक्षित निरीक्षक सुश्री उषा सिसोदिया, थाना प्रभारी सिलावद श्री आर के लवंशी, जिला अध्यक्ष श्री अजय यादव, मंडल अध्यक्ष सिलावद श्री अजय यादव, जनपद पंचायत पाटी अध्यक्ष श्री थानसिंह सस्ते, ग्राम पटेल, जनप्रतिनिधि एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!