बड़वानी में ‘बाल संवाद’ पहल शुरू, एसपी ने निवाली में बच्चों से किया मन से मन का संवाद
‘उम्मीद का उजाला’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बेझिझक पूछे सवाल, एसपी ने सरल अंदाज में दिए जवाब

रमन बोरखड़े। बड़वानी पुलिस ने बच्चों से जुड़ाव और संवाद बढ़ाने के लिए नई पहल शुरू की। निवाली के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में ‘बाल संवाद–उम्मीद का उजाला’ कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से उनकी जिज्ञासाओं, सपनों और सवालों पर बातचीत की गई तथा उन्हें अनुशासन, सकारात्मक सोच और मेहनत के लिए प्रेरित किया गया।
बच्चों के बीच बैठकर किया संवाद
पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, निवाली में ‘बाल संवाद–उम्मीद का उजाला’ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के बीच बैठकर उनसे सीधे बातचीत की और उनके मन की जिज्ञासाओं, सपनों एवं सवालों को जाना।

विद्यार्थियों ने भी निडर होकर विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे। पुलिस अधीक्षक ने बच्चों के सवालों के सरल और प्रेरणादायक ढंग से जवाब दिए। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।
सकारात्मक सोच और अनुशासन का संदेश
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अच्छी संगति, अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखते हुए मेहनत करने का संदेश दिया गया। पहल का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना जगाना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में मार्गदर्शन देना है।

पुलिस और युवाओं के बीच विश्वास बढ़ाने की पहल
पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि बड़वानी पुलिस समाज के हर वर्ग तक पहुंचने के लिए निरंतर संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी क्रम में बच्चों के साथ ‘मन से मन की बात’ करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को सही मार्गदर्शन देकर उन्हें सशक्त और जिम्मेदार नागरिक बनाना इस पहल का उद्देश्य है।

अधिकारी और विद्यालय स्टाफ रहा मौजूद
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी राजपुर श्री बी एल आटोदे, रक्षित निरीक्षक श्री गजेंद्र निगवाल, रक्षित निरीक्षक सुश्री उषा सिसोदिया, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती सुनीता मुजाल्दा, थाना प्रभारी निवाली श्री वीरबहादुर सिंह चौहान, संस्था की प्राचार्य रेनू, विद्यालय का समस्त शिक्षक वर्ग एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






