पानसेमल में बलराम जयंती पर किसान मोर्चा का आयोजन, विधायक बरडे बोले- किसानों की खुशहाली सर्वोच्च प्राथमिकता
भाजपा किसान मोर्चा के नेतृत्व में कार्यक्रम, भगवान श्री बलराम जी का पूजन कर किसानों के कल्याण और कृषि विकास का लिया संकल्प

जनोदय पंच: पानसेमल विधानसभा स्थित जनसेवा कार्यालय में भगवान श्री बलराम जी की जन्मजयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। भाजपा किसान मोर्चा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में किसानों की समृद्धि, आर्थिक सशक्तिकरण, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि विकास को लेकर सरकार के प्रयासों पर चर्चा की गई।
अन्नदाता किसानों के आराध्य भगवान श्री बलराम जी की जन्मजयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्र के विधायक श्री श्याम बरडे तथा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्री राजेंद्र शितोले ने भगवान श्री बलराम जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इसके बाद उपस्थित वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भगवान श्री बलराम जी के जीवन, आदर्शों और किसानों के कल्याण को लेकर अपने विचार रखे।
किसानों की खुशहाली सरकार की प्राथमिकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री श्याम बरडे ने भगवान श्री बलराम जयंती की उपस्थित जनसमुदाय और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “भारत एक कृषि प्रधान देश है और किसान हमारी धरती का अन्नदाता ही नहीं, बल्कि हमारे समाज और राष्ट्र की समृद्धि का आधार है। भगवान श्री बलराम जी किसानों के आराध्य हैं।”
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश सरकार देश के प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

सिंचाई और सुविधाओं के विस्तार पर जोर
विधायक श्री बरडे ने कहा कि मध्यप्रदेश का किसान आधुनिक कृषि, बेहतर सिंचाई सुविधाओं और सरकार की किसान हितैषी योजनाओं के माध्यम से वर्षभर में अनेक फसलें लेकर समृद्धि की ओर अग्रसर हो रहा है। किसानों की खुशहाली और आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में सर्वोपरि है।

उन्होंने कहा कि किसान सम्मान एवं कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों को आर्थिक संबल दिया जा रहा है। खेती के लिए पर्याप्त बिजली, स्थायी विद्युत कनेक्शन, बेहतर सिंचाई सुविधाएं तथा गांवों और खेतों तक सुगम सड़क संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
समृद्ध और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण का आह्वान
विधायक श्री बरडे ने कहा कि किसान मजबूत होगा तो प्रदेश मजबूत होगा और प्रदेश मजबूत होगा तो देश आत्मनिर्भर एवं विकसित बनेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश सरकार किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने प्रदेश में सिंचाई क्षमता के विस्तार और कृषि क्षेत्र को और अधिक मजबूत बनाने के सरकार के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में सिंचाई सुविधाओं का व्यापक विस्तार कर अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
विधायक श्री श्याम बरडे ने कार्यकर्ताओं एवं किसानों से सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं को साकार करने और समृद्ध, विकसित एवं खुशहाल मध्यप्रदेश के निर्माण में भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य केवल किसान कल्याण नहीं, बल्कि हर किसान के चेहरे पर खुशहाली की मुस्कान लाना है।
बड़ी संख्या में नेता और किसान हुए शामिल
कार्यक्रम में पानसेमल एवं जलगोन मंडल के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्री बलराम जी के आदर्शों पर चलने तथा किसानों की समृद्धि और उनके कल्याण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष श्री राम सोनाने, मंडल अध्यक्ष श्री चन्द्रकान्त महाजन, श्री रामचन्द्र सोनीस, श्री रामेश्वर रावत, श्री साहेबराव चौधरी, श्री मन्ना शुक्ला, श्री नन्दु चोपड़ा, श्री प्रकाश जोशी, श्री योगेश जैन, श्री प्रकाश पटेल सहित जनपद सदस्यगण, सरपंचगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसानगण उपस्थित रहे।



