नांगलवाड़ी में लिस्टेड गुंडा जंगू की गला कटी लाश मामले का खुलासा, जमीन विवाद में चचेरे भाई सहित तीन गिरफ्तार
आठ साल पुराने खेत विवाद ने लिया हिंसक रूप, हत्या के बाद शव जंगल मार्ग पर फेंका गया

जनोदय पंच। नांगलवाड़ी थाना क्षेत्र में लिस्टेड गुंडा जंगू की गला कटी लाश मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने खेत की जमीन को लेकर आठ वर्ष पुराने विवाद के चलते हत्या करने के आरोप में मृतक के चचेरे भाई रमेश और उसके दो बेटों सुनील तथा लखन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जंगल मार्ग पर मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच
बुधवार सुबह नांगलवाड़ी थाना क्षेत्र के भिलट देव शिखर मार्ग स्थित पीपरखेड़ा के जंगल में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। शव का गला धारदार हथियार से कटा हुआ था। सूचना मिलते ही नांगलवाड़ी पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। शव की पहचान नांगलवाड़ी के मावंडा फलिया निवासी लिस्टेड गुंडा जंगू पिता भुवान सिंह के रूप में हुई।

साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ में सामने आया विवाद
घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई रमेश पिता झेतू तथा उसके बेटों सुनील और लखन से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सामने आया कि जंगू ने रमेश की खेत की जमीन पर पिछले आठ वर्षों से कब्जा कर रखा था। इस कारण रमेश खेती भी नहीं कर पा रहा था और इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

रात में हत्या, बाद में शव सड़क किनारे फेंका
पुलिस के अनुसार मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात जमीन को लेकर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान रमेश ने कुल्हाड़ी से जंगू के सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रमेश के दोनों बेटों सुनील और लखन ने शव को पीपरखेड़ा रोड पर ले जाकर फेंक दिया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली।
पुलिस ने हत्या के मामले में रमेश, सुनील और लखन को गिरफ्तार कर राजपुर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से तीनों आरोपियों को बड़वानी केंद्रीय जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।



