सेंधवा में बदला मौसम का मिजाज, तेज हवाओं और बारिश से मिली राहत

सेंधवा में सोमवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिनभर की गर्मी के बाद शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। मौसम में आए इस बदलाव के साथ शहर सहित अंचल के कई क्षेत्रों में आंधी और रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया। अचानक बदले मौसम ने लोगों को भी राहत का एहसास कराया।
एबी रोड स्थित सालीकला क्षेत्र में शाम के समय 30 मिनट तक जोरदार बारिश दर्ज की गई। वहीं धनोरा क्षेत्र में तेज हवा और आंधी चली, जिससे कुछ समय के लिए जनजीवन भी प्रभावित हुआ। शहर और आसपास के इलाकों में चली ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट महसूस की गई। दिनभर की उमस और गर्मी से परेशान लोगों ने मौसम के इस बदलाव का स्वागत किया।
इस वर्ष नौतपा के अंतिम दिनों में भीषण गर्मी के तेवर अपेक्षाकृत नरम रहे। आमतौर पर नौतपा के दौरान तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलती है, लेकिन अंतिम दिनों में मौसम अपेक्षाकृत शांत बना रहा। सोमवार शाम हुई बारिश और तेज हवाओं ने गर्मी के असर को और कम कर दिया। मौसम में आए इस परिवर्तन से लोगों को राहत मिली और वातावरण में भी ठंडक महसूस की गई।
तेज हवा-आंधी के साथ बारिश, गर्मी से मिली राहत
ओझर में सोमवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। शाम करीब 5:45 बजे तेज हवा और आंधी के साथ बारिश शुरू हुई। आंधी का दौर लगभग 30 मिनट तक चला, जिसके बाद तेज बारिश होने लगी। करीब 45 मिनट तक हुई बारिश से सड़कों पर पानी बह निकला। मौसम में आए इस बदलाव से क्षेत्र में ठंडक घुल गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। बारिश के चलते वातावरण सुहावना हो गया तथा लोगों ने गर्मी से काफी राहत महसूस की



