बड़वानी में ऑनलाइन जनसुनवाई से पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनसमस्याएं, 08 मामलों में कार्रवाई के निर्देश
एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने आवेदकों की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई के दिए निर्देश

जनोदय पंच। बड़वानी पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने आमजन को त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी न्याय दिलाने के उद्देश्य से साप्ताहिक जनसुनवाई को वर्चुअल स्वरूप प्रदान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के तहत आयोजित जनसुनवाई में एसपी कार्यालय से जिले के सभी एसडीओपी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से एक साथ जुड़े। इस दौरान आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं और 08 मामलों में त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान आवेदकों की समस्याओं को पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने व्यक्तिगत रूप से सुना। शिकायतों को सुनने के बाद संबंधित थाना प्रभारियों और एसडीओपी को ऑनलाइन माध्यम से तत्काल हस्तांतरित किया गया। इस तकनीकी नवाचार के माध्यम से शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
08 आवेदनों पर कार्रवाई के निर्देश
जनसुनवाई में कुल 08 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें आपसी लेन-देन, भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट और महिला संबंधी मामले शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जांच निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के लिए कहा गया, ताकि आवेदकों को अपनी शिकायतों के निराकरण के लिए बार-बार पुलिस कार्यालय अथवा थाने के चक्कर न लगाने पड़ें।
महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के मामलों को प्राथमिकता
पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई के दौरान महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं अत्यंत संवेदनशील मामलों से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के आदेश दिए। संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आमजन और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत करना उद्देश्य
पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा, “जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आमजन और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करना है। बड़वानी पुलिस का प्रयास है कि हर पीड़ित की शिकायत पर बिना देरी निष्पक्ष एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित हो।”
पुलिस अधिकारी रहे उपस्थित
जनसुनवाई के दौरान एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया, डीएसपी (अजाक) श्रीमती निलेश्वरी डावर, रक्षित निरीक्षक श्री गजेंद्र निगवाल, शिकायत शाखा निरीक्षक श्री विनोद बघेल एवं महिला थाना प्रभारी श्रीमती सुनीता मुजाल्दा सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।



