सेंधवा में ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान का शुभारंभ, हाट-बाजार से कॉलेजों तक साइबर अपराधों के खिलाफ चलेगा जागरूकता अभियान
बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस ने आमजन, विद्यार्थियों और व्यापारियों को किया जागरूक

जनोदय पंच। प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सेंधवा शहर पुलिस ने ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के तहत आगामी 15 दिनों तक हाट-बाजार, स्कूल, कॉलेज, बैंक और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी जाएगी।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में जिलेभर में चल रहा अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देशन में ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय भोपाल तथा पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के मार्गदर्शन में जिलेभर में अभियान को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सेंधवा के मार्गदर्शन में थाना सेंधवा शहर द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता एवं मीडिया ब्रीफिंग आयोजित कर अभियान का शुभारंभ किया गया।

हाट-बाजार से शिक्षण संस्थानों तक होंगे जागरूकता कार्यक्रम
अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सेंधवा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत हाट-बाजार, स्कूल, कॉलेज, बैंक, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया अपराध और अन्य साइबर धोखाधड़ी से बचाव संबंधी जानकारी प्रदान की जाएगी।

प्रेस वार्ता, पम्पलेट वितरण और सोशल मीडिया प्रचार
अभियान के तहत थाना परिसर में प्रेस वार्ता एवं मीडिया ब्रीफिंग आयोजित की गई। मीडिया प्रतिनिधियों ने साइबर जागरूकता सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी लेकर अभियान का समर्थन किया। थाना टीम ने बाजार, बस स्टैंड एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों में पम्पलेट वितरित कर आमजन को जागरूक किया। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई गई। सोशल मीडिया के माध्यम से भी साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों का प्रचार-प्रसार प्रारंभ किया गया।
नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
सेंधवा शहर पुलिस ने बताया कि ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के अंतर्गत आगामी 15 दिनों तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं अन्य वर्गों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा निकटतम पुलिस थाना में सूचना दें।



