सेंधवामुख्य खबरे

लायंस कॉन्वेंट स्कूल में अंतरिक्ष विज्ञान प्रदर्शनी, 6000 विद्यार्थियों ने जाना अंतरिक्ष का रोमांच

लायंस कॉन्वेंट स्कूल में दो दिवसीय आयोजन, वैज्ञानिकों से सीधे संवाद कर विद्यार्थियों ने पूछे अंतरिक्ष से जुड़े सवाल

सेंधवा। राष्ट्रीय अंतरिक्ष विज्ञान दिवस के अवसर पर लायंस कॉन्वेंट हायर सेके. स्कूल में स्पेस एप्लीकेशन सेंटर, अहमदाबाद के सहयोग से विज्ञान, जिज्ञासा और अंतरिक्ष के रोमांच से परिपूर्ण दो दिवसीय विक्रम साराभाई अंतरिक्ष विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी के प्रथम दिन ही विभिन्न स्कूलों के लगभग 6000 विद्यार्थियों ने सहभागिता कर अंतरिक्ष विज्ञान, इसरो की उपलब्धियों और भारत के अंतरिक्ष अभियानों से जुड़ी रोचक जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों में प्रदर्शनी को लेकर खासा उत्साह और कौतूहल नजर आया।

मॉडल और प्रस्तुतियों से समझी अंतरिक्ष की दुनिया

प्रदर्शनी में अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडल, प्रक्षेपण तकनीक, उपग्रहों की कार्यप्रणाली, अंतरिक्ष अभियानों तथा इसरो की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को लायंस कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने उत्सुकता के साथ विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया और अंतरिक्ष की दुनिया से जुड़े अनेक पहलुओं को करीब से समझा।

रॉकेट प्रक्षेपण से हुआ प्रदर्शनी का उद्घाटन

प्रदर्शनी का सबसे आकर्षक पक्ष इसरो, अहमदाबाद से आए वैज्ञानिकों के सहयोग से प्रतीकात्मक रूप से रॉकेट प्रक्षेपण के माध्यम से हुआ उद्घाटन रहा। इसके बाद अहमदाबाद से आए अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। वैज्ञानिकों ने बच्चों की जिज्ञासाओं का सहज एवं सरल भाषा में समाधान करते हुए उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

वैज्ञानिकों से विद्यार्थियों ने पूछे सवाल

विद्यार्थियों ने रॉकेट, उपग्रह, अंतरिक्ष यात्राओं और भारत के अंतरिक्ष मिशनों से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका वैज्ञानिकों ने रोचक उदाहरणों के साथ उत्तर दिया। वैज्ञानिकों से प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान को करीब से समझने का अवसर मिला। प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि जगाने के साथ नए सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रयास करने का उत्साह भी बढ़ाया।

आयोजन में ये रहे मौजूद

पहले दिन विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। दो दिवसीय यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, प्रेरणा और रोमांच का संगम बनकर सामने आया। आयोजन में नगर पालिका अध्यक्ष बसंतीबाई यादव, लायंस इंटरनेशनल क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जयप्रकाश त्रिपाठी, स्पेस एप्लीकेशन सेंटर अहमदाबाद के वरिष्ठ वैज्ञानिक रवि वर्मा, वैज्ञानिक प्रतिक बंसल, लायंस क्लब अध्यक्ष श्यामसुंदर तायल सहित लायंस क्लब के पदाधिकारीगण मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!