सेंधवा छात्रावास में बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बिरसा मुंडा के योगदान पर हुई चर्चा, समाज और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश

जनोदय पंच। सेंधवा के शासकीय आदिवासी बालक महाविद्यालय छात्रावास में धरती आबा बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके जीवन, संघर्ष और बलिदान को याद किया तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
सेंधवा। धरती आबा महामानव शहीद बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि पर शासकीय आदिवासी बालक महाविद्यालय छात्रावास में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बिरसा मुंडा सहित अन्य शहीदों के छायाचित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने क्रमवार बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, बलिदान और आदिवासी समाज के उत्थान में उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
विद्यार्थियों को दिए शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के संदेश
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पोरलाल खर्ते, नेशनल कोऑर्डिनेटर, अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी खरगोन-बड़वानी ने कहा कि बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में ऐसे कार्य किए, जिनसे आज भी देश प्रेरणा प्राप्त करता है। उन्होंने शोषणकारी जमींदारी व्यवस्था, अंग्रेजी शासन तथा आदिवासियों पर हो रहे अन्याय, अत्याचार, दमन और शोषण के विरुद्ध संघर्ष किया। उन्होंने अपने जीवन के अंतिम समय तक अंग्रेजी सत्ता से कोई समझौता नहीं किया और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत रहे।
बड़ी संख्या में विद्यार्थी रहे उपस्थित
पोरलाल खर्ते ने विद्यार्थियों से शिक्षा प्राप्त कर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने तथा संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बिरसा मुंडा को आज भी सम्मान और श्रद्धा के साथ याद किया जाता है, उसी प्रकार प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन में ऐसे कार्य करने चाहिए, जिससे समाज उन्हें भी याद रखे। कार्यक्रम में छात्रावास अध्यक्ष नितेश बर्डे, उपाध्यक्ष मांगीलाल चौहान, कोषाध्यक्ष संतोष नरगावे, सचिव रितेश डावर, सह सचिव जगदीश बंडोड़, संगठन प्रभारी रंजीत तरोले सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। संचालन गुटीराम सेनानी एवं आभार मांगीलाल चौहान ने व्यक्त किया।



