बड़वानी। कोई भी पात्र विद्यार्थी प्रवेश से वंचित न रहे : प्राचार्य डॉ. पंडित शासकीय आदर्श महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया और ‘कॉलेज चलो अभियान’ जारी

बड़वानी। । शासकीय आदर्श महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। इस संबंध में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंडित ने स्टाफ सदस्यों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि 12वीं उत्तीर्ण एवं अन्यथा पात्र कोई भी विद्यार्थी प्रवेश से वंचित नहीं रहना चाहिए।
प्राचार्य डॉ. पंडित ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के द्वितीय चरण के अंतर्गत 82 विद्यार्थियों को महाविद्यालय में सीट आवंटित हुई है। सीट आवंटन सूची जारी होने के प्रथम दिन ही विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला और 12 विद्यार्थियों ने निर्धारित शुल्क जमा कर अपना प्रवेश सुनिश्चित कर लिया। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में सीट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 13 जून निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों से समय-सीमा के भीतर शुल्क जमा कर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की गई है।

महाविद्यालय के प्रवेश नोडल अधिकारी डॉ. मानक सिंह सोलंकी एवं डॉ. लखन परमार ने बताया कि प्रवेश से वंचित रह गए अथवा नए सिरे से प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए 8 जून से सीएलसी का प्रथम चरण प्रारंभ हो चुका है, जो 19 जून तक चलेगा। इस चरण के लिए दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन 20 जून तक किया जाएगा तथा सीट आवंटन सूची 23 जून को जारी होगी। प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित है।
प्रवेश समिति के संयोजक डॉ. दिनेश पाटीदार ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए विभिन्न संकायों एवं विषयों की समितियां गठित की गई हैं, जो विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रही हैं।
इसके साथ ही महाविद्यालय में डॉ. अनिल पाटीदार के मार्गदर्शन में ‘कॉलेज चलो अभियान’ भी संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत नवप्रवेशी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन तथा शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।



