भोपाल से जारी आदेश के बाद मध्य प्रदेश में 65 डीएसपी के तबादले, ग्वालियर समेत कई शहरों के सीएसपी बदले
गृह विभाग ने देर रात जारी किए तबादला आदेश, कई शहरों और संवेदनशील क्षेत्रों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

जनोदय पंच। मध्य प्रदेश गृह विभाग ने राज्य पुलिस सेवा के 65 डीएसपी स्तर के अधिकारियों के तबादले किए हैं। ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, पीथमपुर, भोपाल और इंदौर सहित कई जिलों में नई पदस्थापनाएं की गई हैं, जबकि बालाघाट में हॉक फोर्स को मजबूत करने के लिए विशेष तैनाती हुई है।
65 डीएसपी स्तर के अधिकारियों के तबादले
मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत गृह विभाग ने शनिवार देर रात राज्य पुलिस सेवा (एसपीएस) के 65 डीएसपी स्तर के अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए। इस व्यापक फेरबदल के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। आदेश के तहत ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन और औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर सहित कई प्रमुख शहरों में सिटी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (सीएसपी) की नई पदस्थापनाएं की गई हैं। इसके साथ ही भोपाल और इंदौर में भी इसी कैडर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बालाघाट में हॉक फोर्स को मिली मजबूती
तबादला सूची में बालाघाट जिले को विशेष प्राथमिकता दी गई है। नक्सल प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से हॉक फोर्स में डीएसपी रैंक के 18 अधिकारियों को सहायक सेनानी के रूप में पदस्थ किया गया है। इनमें उदित मिश्रा, अभिलाष कुमार भलावी, अमन मिश्रा, रोहित राठौर और राकेश आर्य शामिल हैं। इसके अलावा बालाघाट जिले में एसडीओपी पद पर दीपक तोमर को लांजी, चंद्रशेखर पांडे को बैहर तथा अभिषेक गौतम को परसवाड़ा में पदस्थ किया गया है।
कई शहरों और जिलों में नई जिम्मेदारियां
तबादला आदेश के तहत 9 सीएसपी, 7 एसीपी, 7 डीएसपी और 1 एएसपी की नई पोस्टिंग की गई है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, धार, बुरहानपुर और पीथमपुर में नए सीएसपी एवं एसीपी तैनात किए गए हैं। वहीं, कई अधिकारियों को भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में डीएसपी के रूप में पदस्थ किया गया है। इसके अलावा मुरैना, शिवपुरी, अलीराजपुर, मंदसौर, सिवनी, दमोह, सागर, रीवा, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, बैतूल, नीमच, बड़वानी, धार, ग्वालियर, सिंगरौली और बालाघाट सहित कई जिलों में भी नई पदस्थापनाएं की गई हैं।







