सेंधवा बायपास पर ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पिता-पुत्र गंभीर घायल, चालक वाहन छोड़कर फरार
मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दुर्घटना की जांच प्रारंभ कर दी है।

जनोदय पंच। सेंधवा बायपास स्थित पीपलधार के पास मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर रविवार शाम ट्रेलर और बाइक की भिड़ंत में नवल की मौत हो गई, जबकि शेरू और उनका 10 वर्षीय पुत्र आयुष गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीपलधार बायपास पर हुआ भीषण सड़क हादसा
सेंधवा बायपास स्थित पीपलधार के पास रविवार शाम मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर ट्रेलर और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार नवल पिता जामसिंग (45), शेरू पिता रायसिंग (45) और आयुष पिता शेरू (10) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। ग्रामीण थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
संभाजीनगर से घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, नवल, शेरू और आयुष महाराष्ट्र के संभाजीनगर से खरगोन जिले के नवलपुरा स्थित अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक पीपलधार बायपास के पास पहुंची, एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में नवल को मृत घोषित किया गया
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल सेंधवा लाया गया। सिविल अस्पताल सेंधवा के ड्यूटी डॉक्टर संजय धाकड़ ने बताया कि पीपलधार बायपास से घायलों को डायल-112 वाहन से अस्पताल लाया गया था। जांच के बाद चिकित्सकों ने नवल को मृत घोषित कर दिया, जबकि शेरू और 10 वर्षीय आयुष की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, चालक की तलाश जारी
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक और घायल महाराष्ट्र के संभाजीनगर में मजदूरी करते थे और वहीं से अपने घर लौट रहे थे। ग्रामीण थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा फरार ट्रेलर चालक और वाहन से संबंधित आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।



