इंदौर के सयाजी होटल पर प्रशासन का सख्त एक्शन, खाद्य लाइसेंस सस्पेंड
किचन की जांच में एक्सपायर्ड और बिना पैकिंग डेट वाली खाद्य सामग्री मिली, संदिग्ध सामग्री के सैंपल लेकर कार्रवाई शुरू

इंदौर। इंदौर के प्रतिष्ठित सयाजी होटल के किचन में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। एक्सपायर्ड और बिना पैकिंग डेट वाली खाद्य सामग्री मिलने के बाद प्रशासन ने होटल के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है।
शिकायत के बाद होटल के किचन की जांच
इंदौर के प्रतिष्ठित सयाजी होटल में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शिकायत के आधार पर गुरुवार रात किचन का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों को कई खामियां मिलीं। किचन में कुछ खाद्य सामग्री एक्सपायर्ड पाई गई, जबकि कुछ सामग्री पर पैकिंग डेट दर्ज नहीं थी।
खाद्य सामग्री के रखरखाव में भी मिली अनियमितता
जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव और तापमान को लेकर भी अनियमितताएं सामने आईं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से संदिग्ध खाद्य सामग्री के सैंपल लिए हैं। विभाग ने सैंपल के आधार पर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कलेक्टर ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन मिलावटखोरों और अमानक खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सयाजी होटल के किचन की जांच की।
खाद्य लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा ने होटल का खाद्य लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा होटल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही किचन को सील करने की कार्रवाई भी की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



