नागपंचमी से पहले शिखरधाम भिलट देव मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का अधिकारियों ने लिया जायजा
नागपंचमी पर्व और श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को देखते हुए अधिकारियों ने मंदिर परिसर, मार्ग, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रमन बोरखड़े। सेंधवा-नागलवाड़ी। बड़वानी जिले के नागलवाड़ी क्षेत्र स्थित शिखरधाम भिलट देव मंदिर में नागपंचमी पर्व एवं श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया। मंदिर परिसर, पहुंच मार्ग और आसपास की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
नागपंचमी और श्रावण मास को लेकर सुरक्षा तैयारियों का निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में आगामी 17-08-2026 को नागपंचमी पर्व एवं श्रावण मास के दौरान निकलने वाली कांवड़ यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए 27-07-2026 को थाना नागलवाड़ी क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध शिखरधाम भिलट देव मंदिर की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का संयुक्त निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, पहुंच मार्ग एवं आसपास की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर आकाश यादव, एसडीएम राजपुर कुमार शानु देवड़िया, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे, तहसीलदार राजपुर गणपतसिंह डावर तथा थाना प्रभारी नागलवाड़ी उपनिरीक्षक कमल किशोर चौहान ने संयुक्त रूप से मंदिर परिसर एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने आगामी पर्व के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों के साथ तैयारियों की जानकारी ली।

मंदिर पुजारी और कोषाध्यक्ष से की चर्चा
निरीक्षण के दौरान मंदिर के पुजारी राजेन्द्र बाबा एवं मंदिर कोषाध्यक्ष बजरंग गोयल से चर्चा कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान आवश्यक सुधारात्मक बिंदुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की भीड़ प्रबंधन व्यवस्था, पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन, रेलिंग तथा प्रवेश-निकास मार्ग की व्यवस्था और वैकल्पिक बायपास मार्ग की व्यवस्था का विशेष रूप से जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, सुचारु यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बड़वानी पुलिस का उद्देश्य नागपंचमी पर्व एवं श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना है।



