बड़वानी; महाविद्यालयों में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई

बड़वानी; शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शासकीय आदर्श महाविद्यालय, करी, बड़वानी में प्रवेश प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में पहुँच गई है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने स्पष्ट किया है कि स्नातक (UG) प्रथम वर्ष की सभी कक्षाओं में प्रवेश हेतु आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की गई है। निर्धारित समय सीमा के बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा और किसी भी स्थिति में आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अधिकांश छात्र अंतिम दिनों का इंतज़ार करते हैं, जिससे अंतिम समय में तकनीकी समस्या या सर्वर डाउन होने का खतरा रहता है। ऐसे में जो छात्र किसी कारणवश अब तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे बिना देरी किए 31 जुलाई से पहले प्रक्रिया पूरी कर लें।
दस्तावेज़ों का सत्यापन:
महाविद्यालय के प्रवेश नोडल अधिकारी डॉ. मानक सिंह सोलंकी ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन कर दिया है, उनके दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन किया जा रहा है। महाविद्यालय के प्रवेश सह प्रभारी डॉ लखन परमार ने बताया कि जिन विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन एवं अपलोड किए गए दस्तावेजों में किसी भी प्रकार की भिन्नता है, तो इस स्थिति में आवेदन को विद्यार्थी के पास त्रुटि सुधार हेतु भेज दिया जाएगा। विद्यार्थी समय सीमा में त्रुटि सुधार करके पुनः फॉर्म सबमिट करें। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के प्रवेश सहायता केंद्र पर ऑनलाइन आवेदन करने, चॉइस फिलिंग, शुल्क भुगतान, एवं विषय चयन में आ रही किसी भी समस्या के समाधान के लिए छात्रों की सहायता कर रहे है। आवेदन करने वाले छात्र का आवेदन करने के दिवस के 5:00 बजे साइन में नाम आ जाता है दूसरे दिवस के 4:00 बजे तक आवेदन में आए नाम के अनुरूप फीस जमा कर अपना प्रवेश सुनिश्चित कर सकते हैं फीस न जमा करने पर पुनः आवेदन करना होगा।

छात्रों के लिए सहायता केंद्र:
महाविद्यालय के प्रवेश समिति के संयोजक डॉ दिनेश कुमार पाटीदार ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार महाविद्यालय में प्रतिदिन प्रवेश मेले का आयोजन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक किया जा रहा है। इसमें विद्यार्थियों को प्रवेश से संबंधित सभी प्रकार की सहायता के लिए एक प्रवेश सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। जिसमें डॉ ओमना सेनानी, डॉ अंतिम बाला जायसवाल, डॉ अलकेश मुवेल छात्रों को मार्गदर्शन दे रहे है। छात्र निर्धारित समय में प्रवेश सहायता केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं।
‘कॉलेज चलो अभियान’ के तहत दूरभाष पर मार्गदर्शन:
‘कॉलेज चलो अभियान’ के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल पाटीदार ने बताया कि महाविद्यालय स्तर पर एक विशेष टीम गठित की गई है। इसमें डॉ. प्रिया बघेल एवं डॉ. रितेश भावसार कक्षा 12वीं उत्तीर्ण छात्रों से दूरभाष पर सीधे संपर्क कर उन्हें उच्च शिक्षा एवं महाविद्यालय में प्रवेश हेतु प्रोत्साहित तथा मार्गदर्शन दे रहे हैं।



