सेंधवा में ऑपरेशन त्रिनेत्रम का बड़ा असर, 10 नए CCTV कैमरों से बढ़ी निगरानी
जनसहयोग से प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर कैमरे स्थापित, 32-चैनल NVR सिस्टम से भविष्य में बढ़ेगा कवरेज

बड़वानी। सेंधवा शहर में ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, अपराधों की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में जनसहयोग से महत्वपूर्ण पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सेंधवा शहर श्री दिनेश सिंह कुशवाह द्वारा स्थानीय नागरिकों, व्यापारिक संगठनों एवं सामाजिकजनों के सहयोग से शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर 10 नए उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे स्थापित किए गए हैं। साथ ही निगरानी और रिकॉर्डिंग के लिए 32-चैनल NVR (Network Video Recorder) सिस्टम भी स्थापित किया गया है।
प्रमुख स्थानों पर लगाए गए CCTV कैमरे
पुलिस के अनुसार, CCTV कैमरे श्याम बाजार, सदर बाजार, खलवाड़ी मोहल्ला, सिफा मेडिकल क्षेत्र और शहर के मुख्य चौराहे पर स्थापित किए गए हैं। इन कैमरों की मदद से प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर गतिविधियों की निगरानी की जा सकेगी। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की पहचान में भी पुलिस को सहायता मिलेगी।

जनसहयोग से मजबूत हुई सुरक्षा व्यवस्था
सेंधवा शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की इस पहल में स्थानीय नागरिकों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। इसमें सराफा व्यापारी संघ, सेंधवा, खत्री समाज, सेंधवा, चौमूवाला परिवार एवं समाजसेवी श्री अर्पित तायल का सहयोग रहा।

अपराध नियंत्रण के साथ यातायात पर भी नजर
थाना प्रभारी सेंधवा शहर श्री दिनेश सिंह कुशवाह ने बताया कि आधुनिक पुलिसिंग में CCTV कैमरे ‘तीसरी आंख’ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके माध्यम से असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, चोरी सहित अन्य अपराधों की रोकथाम तथा घटनाओं के बाद आरोपियों की पहचान में पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता मिल सकेगी। इसके साथ ही प्रमुख बाजार क्षेत्रों और चौराहों पर यातायात व्यवस्था की निगरानी में भी इन कैमरों का उपयोग किया जा सकेगा।

भविष्य में बढ़ाया जा सकेगा CCTV कवरेज
32-चैनल NVR सिस्टम की स्थापना से भविष्य में आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त CCTV कैमरों को भी इससे जोड़ा जा सकेगा। इससे सेंधवा शहर में निगरानी का दायरा और अधिक विस्तृत किया जा सकेगा। सेंधवा शहर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले सराफा व्यापारी संघ, खत्री समाज, चौमूवाला परिवार एवं समाजसेवी श्री अर्पित तायल के प्रति आभार व्यक्त किया है। पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से शांति, कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इसी प्रकार निरंतर सहयोग प्रदान करने की अपील की है।



