सेंधवा में आवारा कुत्तों पर नगर पालिका की कार्रवाई, 20 कुत्ते पकड़े
आवारा कुत्तों के झुंड से नागरिकों में बढ़ी चिंता, शिकायतों के बाद अभियान शुरू

सेंधवा। नगर में लगातार बढ़ रहे आवारा कुत्तों के झुंड और इनके कारण होने वाली संभावित अनहोनी घटनाओं को रोकने के लिए नगर पालिका ने कुत्तों को पकड़ने की मुहिम शुरू की है। बुधवार से शुरू हुई इस कार्रवाई के तहत नगर की विभिन्न गलियों और रहवासी क्षेत्रों में घूम रहे कुत्तों को पकड़कर नगर से दूर जंगल क्षेत्र में छोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को नगर पालिका की टीम ने करीब 20 कुत्तों को पकड़कर जंगल में छोड़ा।
झुंड के कारण नागरिकों में भय का माहौल
नगर में पिछले कुछ समय से विभिन्न क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के झुंड देखे जा रहे थे। इनके कारण आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में भय का वातावरण बना हुआ था। कुत्तों के झुंड द्वारा लोगों के पीछे दौड़ने तथा रास्तों पर आने-जाने वाले लोगों को परेशान करने की शिकायतें भी नगर पालिका तक पहुंच रही थीं। आवारा कुत्तों के झुंड की वजह से मॉर्निंग वॉक करने वाली कुछ महिलाओं और पुरुषों को हाथ में लकड़ी लेकर चलना पड़ता है, ताकि कुत्तों से बच सकें और अपनी रक्षा कर सकें।

शिकायत वाले क्षेत्रों में पहुंच रही टीम
नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका द्वारा यह अभियान शुरू किया गया है। नगर पालिका के सफाई अधीक्षक मोहन धमोने ने बताया कि नगर पालिका द्वारा बुधवार से आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की गई है। पहले दिन नगर की अलग-अलग गलियों और क्षेत्रों से करीब 20 कुत्तों को पकड़ा गया तथा उन्हें नगर से दूर जंगल क्षेत्र में छोड़ा गया।

गुरुवार को भी जारी रही कार्रवाई
मोहन धमोने ने बताया कि गुरुवार को भी अभियान जारी है। जिन क्षेत्रों से नागरिकों द्वारा कुत्तों के झुंड को लेकर शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहां टीम पहुंचकर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका का उद्देश्य नागरिकों को आवारा कुत्तों के आतंक और संभावित घटनाओं से राहत दिलाना है। इसके लिए नगर के विभिन्न हिस्सों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। नागरिकों की शिकायतों के आधार पर प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है।
नगर पालिका ने नागरिकों से की अपील
नगर पालिका की इस मुहिम से नागरिकों को आवारा कुत्तों की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि जिन क्षेत्रों में कुत्तों के बड़े झुंड घूम रहे हैं, उनकी जानकारी नगर पालिका को दें, ताकि संबंधित क्षेत्र में टीम भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।



