बड़वानी में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, 17 प्रकरण दर्ज; 1.02 लाख की मदिरा और लहान जब्त
जिले के विभिन्न गांवों में दबिश देकर देशी-विदेशी और हाथभट्टी मदिरा सहित 900 किलो महुआ लहान बरामद

जनोदय पंच। बड़वानी जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने विभिन्न गांवों में दबिश दी। कार्रवाई में देशी-विदेशी और हाथभट्टी मदिरा के साथ महुआ लहान बरामद हुआ। विभाग ने कुल 17 प्रकरण दर्ज किए और जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 1,02,582 रुपये बताई।
विभिन्न गांवों में आबकारी विभाग की दबिश
29 सितंबर 2026 को होने वाले पंचायतों के उप निर्वाचन के मद्देनजर जिले में अवैध मदिरा पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर जिला बड़वानी एवं उपायुक्त आबकारी इंदौर संभाग, इंदौर द्वारा सतत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।निर्देशों के परिपालन में जिला आबकारी अधिकारी अशोक कुमार खत्री के मार्गदर्शन और सहायक जिला आबकारी अधिकारी अभिलाषा वर्मा के नेतृत्व में 26 सितंबर को आबकारी बल ने विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी।

इन गांवों में की गई कार्रवाई
वृत बड़वानी के ग्राम छोटी कसरावत और सजवानी, वृत अंजड़ के ग्राम टिटगारिया, चैनपुरा और नलवाई, वृत राजपुर के ग्राम सालीकला और जुलवानिया तथा वृत सेंधवा के ग्राम बोरली, वासवी, खेड़ी और सिलदइ में कार्रवाई की गई। इसके अलावा वृत खेतिया के ग्राम निवाली, पुरुषखेड़ा और बड़गांव में भी आबकारी बल ने दबिश दी।

देशी-विदेशी और हाथभट्टी मदिरा जब्त
कार्रवाई के दौरान देशी मदिरा 2.16 बल्क लीटर, विदेशी मदिरा 6.3 बल्क लीटर और हाथभट्टी मदिरा 65 बल्क लीटर जब्त की गई। इसके अलावा 900 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया गया। महुआ लहान का सैंपल लेने के बाद मौके पर फैलाकर उसे नष्ट किया गया।
17 प्रकरण दर्ज, कार्रवाई जारी रखने की बात
कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क, च के तहत आबकारी विभाग ने कुल 17 प्रकरण पंजीबद्ध किए। जब्त मदिरा और महुआ लहान की अनुमानित कीमत 1,02,582 रुपये बताई गई है।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक कमलेश बामनिया, दिलीप जायसवाल, विभा नांदले, आबकारी प्रधान आरक्षक इरफान अली, सुदेश आचार्य, हुकुम पाटीदार, गंगा सोलंकी, आबकारी आरक्षक इमलेश पवार और सुयश यादव का विशेष योगदान रहा। आबकारी विभाग की अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



