आबूरोड में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन दोस्तों की मौके पर मौत
मावल गांव के पास नेशनल हाईवे-27 पर हुआ हादसा, तीनों युवक एक ही बाइक से वासड़ा से आबूरोड जा रहे थे, ट्रक चालक गिरफ्तार।

जनोदय पंच। राजस्थान के सिरोही जिले में मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। मावल गांव के पास नेशनल हाईवे-27 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त मंगलवार रात करीब 10:30 बजे एक ही बाइक से वासड़ा से आबूरोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मावल गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलने पर रीको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
तीन अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे युवक
रीको थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत के अनुसार, मृतकों की पहचान माउंट आबू के देलवाड़ा निवासी शंकर, काछोली निवासी प्रकाश और आबूरोड ब्लॉक की सांतपुर पंचायत के चामुंडाफली निवासी दिनेश के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही तीनों युवकों के परिवारों में शोक छा गया।
चित्तौड़गढ़ निवासी ट्रक चालक गिरफ्तार
पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक और उसके चालक को पकड़ लिया है। चालक की पहचान चित्तौड़गढ़ जिले के निवासी दुर्गालाल के रूप में हुई है। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है



