भोपाल में युवा कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली की वोट चोरी रैली से गैरहाजिर 60 पदाधिकारी निलंबित

जनोदय पंच। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की वोट चोरी रैली में शामिल नहीं होना मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के 60 पदाधिकारियों को भारी पड़ा है। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर संगठन ने नौ जिलाध्यक्षों सहित 60 पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस ने दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित कांग्रेस की ‘वोट चोरी’ रैली में शामिल नहीं होने वाले 60 पदाधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। संगठन ने निलंबन आदेश जारी कर सभी पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक उनके पदों से हटा दिया है।
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व से मिले निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है। जारी आदेश में कहा गया है कि दिल्ली में आयोजित रैली से अनुपस्थित रहने के कारण संगठनात्मक अनुशासनहीनता सामने आई है।
पांच उपाध्यक्ष और 14 महासचिव भी निलंबित
निलंबित किए गए पदाधिकारियों में पांच उपाध्यक्ष और 14 महासचिव शामिल हैं। उपाध्यक्ष पद से निलंबित होने वालों में शिवराज यादव, राजवीर सिंह कुड़िया, योगिता सिंह परिहार, प्रमोद सिंह खरे और नीरज पटेल के नाम शामिल हैं।
वहीं, महासचिव पद पर तैनात रोहित राजोरिया, अब्दुल करीम कुरैशी, विनय पांडे और राहुल हितेश ठाकुर सहित कुल 14 महासचिवों पर कार्रवाई की गई है। इसके अलावा रैली में अनुपस्थित रहने के कारण 32 सचिवों को भी निलंबित किया गया है।
नौ जिलाध्यक्षों को भी पद से हटाया
मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस ने रैली में शामिल नहीं होने वाले नौ जिलाध्यक्षों पर भी कार्रवाई की है। इनमें मैहर के जिलाध्यक्ष सौरभ शर्मा, आगर के जिलाध्यक्ष पृथ्वीराज चौहान, नीमच के जिलाध्यक्ष मनमोहन शक्तावत, बुरहानपुर के जिलाध्यक्ष अर्जुन जंगले और अनूपपुर के जिलाध्यक्ष मनवेंद्र मिश्रा शामिल हैं।
इसके अलावा गुना के जिलाध्यक्ष पंचम भील, बड़वानी के जिलाध्यक्ष आदित्य गोयल, छतरपुर के जिलाध्यक्ष मनवेंद्र सिंह परमार और भिंड के जिलाध्यक्ष मनीष पुरोहित को भी निलंबित किया गया है।



