
जनोदय पंच। इंदौर में मोबाइल दुकान से आठ फोन चोरी होने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ा गया। उसके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल बरामद हुए हैं, जबकि शेष मोबाइल की तलाश जारी है।
दुकान से एक साथ आठ मोबाइल चोरी
भंवरकुआ थाना प्रभारी संतोष दूधी के मुताबिक, मोबाइल चोरी की घटना एक दुकान में हुई थी। आरोपी दुकान से एक साथ आठ मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गया था। घटना के बाद फरियादी ने थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
जांच के दौरान भंवरकुआ पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद उसकी पहचान कर तलाश शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विशाल के कब्जे से दो मोबाइल बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल निवासी भील कॉलोनी, मुसाखेड़ी, इंदौर के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। चोरी किए गए आठ मोबाइल फोन में से दो मोबाइल बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस शेष छह मोबाइल फोन की बरामदगी के प्रयास कर रही है।



