सेंधवा में 250 विद्यार्थियों ने चित्रों में उकेरा मानवता में सद्भाव का संदेश, प्रेम और भाईचारे के रंगों से सजाए कैनवास
लायंस कान्वेंट स्कूल में लायंस इंटरनेशनल क्लब्स 3233जी-1 ने कराई चित्रकला प्रतियोगिता, कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। विद्यार्थियों में मानवीय मूल्यों, सामाजिक समरसता और विश्वबंधुत्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें 250 विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर रंगों और चित्रों के माध्यम से प्रेम, एकता, सहयोग और भाईचारे का संदेश दिया।
मानवता में सद्भाव विषय पर हुई प्रतियोगिता
सेंधवा। लायंस इंटरनेशनल क्लब्स 3233जी-1 के तत्वावधान में 4 नवंबर को लायंस कान्वेंट स्कूल में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का विषय ‘Harmony in Humanity’ (मानवता में सद्भाव) रखा गया था। इसमें कक्षा 6 से 8 तक के 250 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
चित्रों के माध्यम से दिया प्रेम और एकता का संदेश
विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा के जरिए मानवता, प्रेम, एकता, सहयोग, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव जैसे विषयों को चित्रों में उकेरा। उनकी कलाकृतियों में रंगों के आकर्षक संयोजन के साथ बेहतर और संवेदनशील समाज के निर्माण की कल्पना भी दिखाई दी।

रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने का प्रयास
इस अवसर पर लायंस क्लब सेंधवा के अध्यक्ष श्यामसुंदर तायल ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की अंतर्निहित प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनमें मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक समरसता और वैश्विक एकता के विचारों को मजबूत करती हैं। कला के माध्यम से दिया गया सद्भाव का संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा बन सकता है।



