खरगोन-बड़वानीसेंधवा

दिवाली पर बड़वानी में पुलिस अलर्ट, मुख्य बाजारों में फ्लैग मार्च के साथ चार पहिया और लोडिंग वाहनों की आवाजाही पर रोक

शांति और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस ने संभाला मोर्चा, एमजी रोड सहित पांच प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू कर लगाए पोस्टर-बैनर

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बड़वानी पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बाजारों में भीड़ को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ाई गई है, वहीं शहर के पांच प्रमुख मार्गों पर चार पहिया और लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है।

त्योहार को लेकर पुलिस बल अलर्ट, शाम को फ्लैग मार्च

दीपावली के हर्षोल्लास और पावन पर्व को जिले में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण के साथ संपन्न कराने के लिए बड़वानी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद और सतर्क है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।

इसी क्रम में जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के पालन में पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन शाम को अपने-अपने अनुविभाग और थाना क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त की जा रही है। इस दौरान पुलिस अधिकारी आम नागरिकों, व्यापारियों और बाजार आने वाले लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं। नागरिकों से दीपावली का पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील भी की जा रही है।

संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष नजर

त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस विशेष नजर रख रही है। जिलेभर में पुलिस बल को मुख्य बाजार, सर्राफा बाजार और सार्वजनिक स्थलों सहित संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

बड़वानी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या संदेहास्पद वस्तु दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। त्योहारी सीजन में यातायात नियमों का पालन करें और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अपने सामान की सुरक्षा का ध्यान रखें। सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली खबरों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें साझा करें। पुलिस ने कहा है कि जिले की जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वह 24 घंटे तत्पर है। नागरिक बिना किसी डर के उल्लासपूर्वक दीपावली का पर्व मनाएं।

पांच प्रमुख मार्गों पर चार पहिया और लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

दीपावली के दौरान बड़वानी शहर के मुख्य बाजारों में नागरिकों और खरीदारों की सुविधा तथा सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए थाना यातायात बड़वानी ने विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू की है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक, जिला बड़वानी के निर्देशन में त्योहार के दौरान बाजारों में होने वाली अत्यधिक भीड़ को देखते हुए शहर के प्रमुख और व्यस्ततम मार्गों पर चार पहिया वाहनों तथा लोडिंग वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है।

इस व्यवस्था के तहत एमजी रोड, कचहरी रोड, झंडा चौक, रंजीत चौक और पाला बाजार में चार पहिया एवं लोडिंग वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। प्रतिबंधात्मक व्यवस्था की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए थाना यातायात पुलिस ने शहर के सभी प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर पोस्टर एवं बैनर लगाए हैं, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने की अपील

थाना यातायात बड़वानी ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली पर खरीदारी के लिए शहर आने वाले लोग अपने चार पहिया और लोडिंग वाहनों को चिह्नित एवं निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। एमजी रोड, कचहरी रोड, झंडा चौक, रंजीत चौक और पाला बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में चार पहिया वाहन लेकर न जाएं। पुलिस ने नागरिकों से शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!