सेंधवा में जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में चाटली की टीम का दबदबा, फाइनल जीतकर बनी विजेता
तीन महाविद्यालयों की टीमों ने लिया हिस्सा, संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुनी गई बड़वानी जिले की टीम अब सेंधवा में करेगी प्रतिनिधित्व।

जनोदय पंच। सेंधवा के वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जिले के तीन महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में चाटली की टीम विजेता रही। संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जिले की टीम का चयन भी किया गया।

तीन महाविद्यालयों की टीमों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में सेंधवा शारीरिक शिक्षण संस्थान चाटली, शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी और वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेंधवा की टीमों ने भाग लिया। खिलाड़ियों का परिचय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जीएस वास्कले, डॉ. महेश बाविस्कर, डॉ. राहुल सूर्यवंशी, स्पोर्ट्स प्रभारी प्रो. शुभम वर्मा, प्रो. बलराम डुड़वे, प्रो. भारत सिंह जामोद और प्रो. सूरज वास्केल ने प्राप्त किया।
फाइनल में चाटली ने बड़वानी को हराया
सेंधवा शारीरिक शिक्षण संस्थान चाटली और वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेंधवा के बीच हुए मुकाबले में चाटली की टीम विजेता रही। इसके बाद फाइनल मुकाबला चाटली और बड़वानी महाविद्यालय की टीम के बीच हुआ। इसमें भी चाटली की टीम ने जीत दर्ज कर प्रतियोगिता अपने नाम की।
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए टीम का चयन
जिले की टीम के चयन के लिए इन तीन महाविद्यालयों के अलावा रेणुका महाविद्यालय सेंधवा, शासकीय महाविद्यालय निवाली और शासकीय महाविद्यालय बलवाड़ी के खिलाड़ियों ने भी भाग लिया। चयनित टीम में सेंधवा शारीरिक शिक्षण संस्थान चाटली से हिमांशु विश्वकर्मा, यशराज अर्बल और विनय वास्कले शामिल हैं।

शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी से ताहा गांधी, सुनील निगवाले और हिंद पाटीदार का चयन हुआ है। वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेंधवा से संजय डूडवे, आदर्श बर्थडे और अभिजीत डावर को टीम में जगह मिली है।
इसके अलावा शासकीय महाविद्यालय बलवाड़ी से तुषार राठौर, शासकीय महाविद्यालय निवाली से रेवसिंग तरोले और रेणुका महाविद्यालय सेंधवा से जयस लोनारी का चयन किया गया है।
सेंधवा में ही होगी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता
चयनित टीम संभाग स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बड़वानी जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। यह प्रतियोगिता सेंधवा में ही आयोजित होना है। प्रतियोगिता में मैच रेफरी नुरुद्दीन शेख और रेवसिंह चौहान रहे, जबकि कमेंट्री प्रो. इरशाद मंसूरी ने की। यह जानकारी स्पोर्ट्स ऑफिसर जगदीश प्रसाद ने दी।



