बड़वानी। प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई में आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना
प्राप्त 07 शिकायतों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को किया निर्देशित

बड़वानी। आम नागरिकों की समस्याओं का सीधे संवाद के माध्यम से त्वरित, पारदर्शी एवं न्यायसंगत निराकरण करने की प्रतिबद्धता के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय बड़वानी में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह ने जनसुनवाई में उपस्थित होकर आवेदकों की समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनीं।
जनसुनवाई के दौरान लड़ाई-झगड़े, मारपीट एवं धोखाधड़ी कुल 07 शिकायतें प्राप्त हुईं। प्रभारी पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने तथा शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश
प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की गुणवत्तापूर्ण जांच करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही महिलाओं, बुजुर्गों एवं कमजोर वर्ग से संबंधित मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतते हुए प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए, ताकि आवेदकों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, डीएसपी अजाक श्रीमती निलेश्वरी डावर, शिकायत शाखा से निरीक्षक सुनीता मंडलोई, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक सुनीता मुजाल्दा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



