सेंधवाअपराध

सेंधवा में नाबालिग आदिवासी बेटी को न्याय दिलाने सर्वसमाज एकजुट, भाजपा नेता के बेटे मयंक राठौर पर भी कार्रवाई की उठी मांग

आठ दिन का अल्टीमेटम देकर आंदोलन की चेतावनी, पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे समाजजन

जनोदय पंच। सेंधवा। नाबालिग आदिवासी बेटी के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से विभिन्न समाजों में नाराजगी है। मंगलवार को सर्व आदिवासी समाज सहित अन्य समाजों के लोगों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपकर सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। आठ दिन में कार्रवाई नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई। पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग। वहीं भाजपा नेता के बेटे मयंक राठौर पर भी कार्रवाई की मांग उठाई गई।

सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में सामने आई इस घटना के विरोध में मंगलवार को सर्व आदिवासी समाज और अन्य समाजों के लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचे। समाजजनों ने ज्ञापन सौंपकर मुख्य आरोपी सहित कुल पांच आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही मामले में निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को न्याय व सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता के बेटे मयंक राठौर के खिलाफ भी कार्रवाई करने और उसकी गिरफ्तारी की मांग की गई। समाजजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर एकजुट हुए समाज
इस प्रदर्शन में कांग्रेस और भाजपा सहित अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े लोगों ने भागीदारी की। समाजजनों का कहना था कि बेटियों के सम्मान और न्याय के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सभी समाजों को एकजुट होकर साथ खड़ा होना चाहिए।

आठ दिन में गिरफ्तारी नहीं तो बड़े आंदोलन की चेतावनी
राष्ट्रीय आदिवासी एकता मंच के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष डॉ. रैलाश सेनानी ने कहा कि जब भी बेटियों के सम्मान और न्याय की बात आएगी, तब हम किसी राजनीतिक दल या विचारधारा को नहीं देखेंगे। हम बेटियों और उनके परिवार के साथ खड़े रहेंगे।

उन्होंने कहा कि गलती करने वाला किसी भी परिवार या राजनीतिक पृष्ठभूमि से हो, उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। हमारी मांग है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले।

डॉ. रैलाश सेनानी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आठ दिनों के भीतर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो सर्वसमाज के साथ मिलकर बड़े स्तर पर आंदोलन की तैयारी की जाएगी।

आसपास के गांवों से भी पहुंचे समाजजन
प्रदर्शन के दौरान समाज के वरिष्ठजनों और युवाओं ने नारेबाजी कर विरोध जताया। आंदोलन में सेंधवा क्षेत्र के आसपास के गांवों के लोगों के साथ बड़वानी जिले के जयस पदाधिकारी भी शामिल हुए। सभी समाजों ने एकजुट होकर स्पष्ट किया कि बेटियों के सम्मान और न्याय की लड़ाई में राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहेंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!