सेंधवाधर्म-ज्योतिष, समाज

सेंधवा के धावड़ा चाचरिया में श्रीराम कथा का शुभारंभ, ढोल-मांदल और मंगल कलश से राष्ट्रीय संत का हुआ भव्य स्वागत

मां नर्मदा सेवा प्रकल्प के तहत गोई नदी के उद्गम स्थल पर तीन दिवसीय आयोजन शुरू, आदिवासी संस्कृति, सामाजिक समरसता और नदी संरक्षण का दिया संदेश

जनोदय पंच। सेंधवा। आदिवासी अंचल धावड़ा चाचरिया में तीन दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ श्रद्धा और पारंपरिक उत्साह के साथ हुआ। आयोजन में आदिवासी संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की झलक देखने को मिली। कथा के माध्यम से सामाजिक समरसता, सेवा, भक्ति और जल संरक्षण का संदेश दिया गया।

ढोल-मांदल और मंगल कलश से हुआ स्वागत

मां नर्मदा सेवा प्रकल्प के अंतर्गत मां गोई नदी के उद्गम स्थल धावड़ा चाचरिया में आयोजित श्रीराम कथा के शुभारंभ अवसर पर राष्ट्रीय संत परम पूज्य श्री गोपाल कृष्ण जी महाराज का प्रथम आगमन हुआ। उनके स्वागत में आदिवासी समाज ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार ढोल-मांदल बजाकर अभिनंदन किया।

मातृशक्ति और नारी शक्तियों ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर संत का स्वागत किया। वहीं गांव के प्रमुख पुजारा बाबा ने आदिवासी परंपरा के प्रतीक तीर-धनुष भेंट किए। इस दौरान निषादराज और प्रभु श्रीराम की अटूट मित्रता और प्रेम का स्मरण कराते हुए तीर-धनुष को प्रेम स्वरूप भेंट किया गया।

निषादराज और माता शबरी की भक्ति के प्रसंग सुनाए

श्रीराम कथा के प्रथम दिन राष्ट्रीय संत परम पूज्य श्री गोपाल कृष्ण जी महाराज ने निषादराज और प्रभु श्रीराम के निष्काम प्रेम, समर्पण, मित्रता और अटूट आस्था का वर्णन किया। उन्होंने माता शबरी की अनन्य भक्ति, वर्षों की प्रतीक्षा और प्रभु श्रीराम के प्रति उनके निश्छल प्रेम से जुड़े प्रसंग भी सुनाए।

महाराज श्री ने प्रवचनों में कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन प्रेम, समरसता, सेवा, त्याग और मानवीय मूल्यों के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है। निषादराज और प्रभु श्रीराम की मित्रता समानता, आत्मीयता और सामाजिक समरसता का संदेश देती है। वहीं माता शबरी की भक्ति सिखाती है कि सच्ची श्रद्धा, विश्वास और निर्मल भाव के सामने भेदभाव का कोई महत्व नहीं रह जाता। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार, सदाचार और सेवा भाव अपनाने की प्रेरणा दी गई।

नदी और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता पर जोर

आयोजन का उद्देश्य धार्मिक कथा के साथ मां नर्मदा और उनकी सहायक नदियों को अविरल और निर्मल बनाए रखने के प्रति जनजागृति लाना भी है। मां गोई नदी के उद्गम स्थल पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से जल संरक्षण, नदी संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।

आयोजन के माध्यम से बताया गया कि मां नर्मदा का प्रवाह अविरल बनाए रखने के लिए उनकी सहायक नदियों और जलस्रोतों का संरक्षण जरूरी है। इसी उद्देश्य से समाज के प्रत्येक वर्ग को प्रकृति और जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।

राकेश सोलंकी ने गांव-गांव पहुंचकर दिया निमंत्रण

आयोजन को सफल बनाने में धर्म जागरण बरेला परियोजना के प्रांत सह प्रमुख राकेश सोलंकी की विशेष भूमिका रही। उन्होंने क्षेत्र के गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को श्रीराम कथा का निमंत्रण दिया। साथ ही स्थानीय कार्यकर्ताओं, युवाओं और समाजजनों को आयोजन से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए। उनके संपर्क, समर्पण और परिश्रम से धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम में गांव के प्रमुख पुजारा बाबा, मातृशक्ति, युवा साथी, सामाजिक कार्यकर्ता, धर्मप्रेमी नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन राकेश सोलंकी ने किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!