सेंधवा

गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन, पंच प्यारों के दर्शन को उमड़े समाजजन

गुरुद्वारा श्री गुरुसिंह सभा से निकली शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत, 24 नवंबर को होंगे प्रकाश पर्व के मुख्य आयोजन

जनोदय पंच। सेंधवा। सिख समाज के प्रथम गुरु के 557वें प्रकाश पर्व पर नगर में नगर कीर्तन निकाला गया। इसमें पंच प्यारे, गुरु ग्रंथ साहिब का सुसज्जित रथ और शबद-कीर्तन करते समाजजन शामिल हुए। विभिन्न स्थानों पर नगर कीर्तन का स्वागत किया गया। आयोजन के तहत आगामी 24 नवंबर तक धार्मिक कार्यक्रम होंगे।

पंच प्यारों के दर्शन कर किया स्वागत

गुरुद्वारा श्री गुरुसिंह सभा की ओर से रविवार शाम करीब 6 बजे जवाहर गंज स्थित गुरुद्वारे से नगर कीर्तन की शुरुआत हुई। सबसे आगे पंच प्यारे चल रहे थे। समाजजनों ने पंच प्यारों के दर्शन कर उनके पैर धुलाए और पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। नगर कीर्तन में नौ साल का एक बच्चा भी पंच प्यारा बना था। सुसज्जित रथ पर गुरु ग्रंथ साहिब को विराजित किया गया था। महिलाएं और पुरुष शबद-कीर्तन करते हुए चल रहे थे। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई।

जगह-जगह पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

नगर कीर्तन के मार्ग में समाजजनों और विभिन्न संगठनों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर स्टॉल लगाकर शरबत आदि वितरित किया गया। नगर कीर्तन पुराना एबी रोड, पुराना बस स्टैंड, राम बाजार और संत विनोबा मार्ग से होते हुए वापस गुरुद्वारा परिसर पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। इसके बाद गुरु का अटूट लंगर हुआ।

सोमवार को लखनऊ के रागी जत्थे का कीर्तन

प्रकाश पर्व के कार्यक्रमों के तहत सोमवार को शाम 7.30 से रात 8.30 बजे तक लखनऊ से आने वाले रागी जत्थे के भाई सुखप्रीत सिंह और भाई पवनदीप सिंह कथा-कीर्तन करेंगे। इसके बाद लंगर होगा।

24 नवंबर को होंगे मुख्य कार्यक्रम

प्रकाश पर्व के अंतिम दिन 24 नवंबर को मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह 9 बजे श्री सहज पाठ की समाप्ति होगी। इसके बाद निशान साहिब के चोले की सेवा की जाएगी। सुबह 11.30 से दोपहर 1 बजे तक ज्ञानी जी कथा-कीर्तन करेंगे। इसके बाद अटूट लंगर होगा।

रात 8.30 से 12 बजे तक बच्चे कविता और पाठ प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही ज्ञानी जी का कीर्तन भी होगा। गुरुद्वारा श्री गुरुसिंह सभा ने समाजजनों से परिवार सहित सभी कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!