पानसेमल आईटीआई में दीक्षांत समारोह, विधायक श्याम बरडे ने प्रशिक्षणार्थियों को आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश
कहा- युवाओं के कौशल और मेहनत से साकार होगा विकसित भारत का सपना, हुनर के दम पर दूसरों को भी रोजगार देने वाले बनें युवा

जनोदय पंच। पानसेमल। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) पानसेमल (खेतिया), जिला बड़वानी में आयोजित दीक्षांत समारोह में विधायक श्याम बरडे शामिल हुए। उन्होंने प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं से अपने कौशल का उपयोग कर परिवार, समाज और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कौशल विकास से मिलेंगे रोजगार के अवसर
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्याम बरडे ने कहा कि युवा शक्ति देश के भविष्य की सबसे बड़ी ताकत और राष्ट्र की उन्नति का प्रमुख आधार है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्ष्य को पूरा करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक अनुभव और कौशल विकास भी सफलता के लिए जरूरी हैं। आईटीआई जैसे संस्थान युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ रहे हैं।
नौकरी तक सीमित न रखें अपना लक्ष्य
विधायक ने कहा कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद युवाओं के जीवन की नई यात्रा शुरू होती है। उन्हें अपने हुनर को लगातार निखारते हुए ईमानदारी, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से कहा कि अपना लक्ष्य केवल नौकरी पाने तक सीमित न रखें, बल्कि अपने कौशल के माध्यम से दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।
जनप्रतिनिधियों सहित प्रशिक्षणार्थी रहे मौजूद
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रामचंद्र सोनिस, नगर परिषद अध्यक्ष दशरथ निकुम, सूर्यकांत एसिकर, श्याम हरसोला, विनोद जैन, साहेबराव चौधरी, श्रीचंद चौहान, नंदकिशोर चोपड़ा, मंडल महामंत्री पंडित माली, संजय भोसले, कमलेश राजपूत, गोविंद चौधरी, नवल वास्कले, ओंकार खेड़कर, गणेश जाधव और सोनू भंडारी सहित संस्था के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।



