बड़वानी जिले में निजी नलकूप खनन पर 15 अगस्त 2027 तक रोक, जलस्रोतों से व्यावसायिक पानी निकालने पर भी प्रतिबंध
कम बारिश के कारण भू-जल स्तर में नहीं हुई पर्याप्त वृद्धि, कलेक्टर जयति सिंह ने जिले को जल अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित कर जारी किए प्रतिबंधात्मक आदेश।

जनोदय पंच। बड़वानी। जिले में कम बारिश और भू-जल स्तर में गिरावट की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने निजी नलकूप खनन पर रोक लगा दी है। पेयजल और घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए जलस्रोतों से अन्य उपयोगों के लिए पानी निकालना भी प्रतिबंधित किया गया है।
निजी नलकूप खनन पर 15 अगस्त 2027 तक प्रतिबंध
जिले में औसत से कम वर्षा होने के कारण भू-जल स्तर में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है। आगामी गर्मी में जलस्तर और नीचे जाने की संभावना को देखते हुए ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में पेयजल संकट की स्थिति को ध्यान में रखकर कलेक्टर जयति सिंह ने जिले में निजी नलकूप खनन पर तत्काल प्रभाव से 15 अगस्त 2027 तक पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
पूरा जिला जल अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित
कलेक्टर ने मध्यप्रदेश पेयजल परिरक्षण (संशोधित) अधिनियम 2002 के तहत आगामी आदेश तक संपूर्ण जिले को जल अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित किया है। इसके अंतर्गत कुओं, तालाबों, नदियों, हैंडपंप और ट्यूबवेल जैसे जलस्रोतों से पेयजल एवं निस्तार के अतिरिक्त अन्य उपयोगों के लिए पानी निकालने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
आदेश के अनुसार नर्मदा नदी को छोड़कर जिले में प्राकृतिक रूप से बहने वाली नदी-नालों, तालाबों में उपलब्ध पानी और भूमिगत जल का घरेलू उपयोग तथा पशुधन के रखरखाव के अलावा किसी अन्य प्रयोजन के लिए उपयोग नहीं किया जा सकेगा।
नलकूप खनन के लिए एसडीएम की अनुमति जरूरी
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की पूर्व अनुमति के बिना कोई भी व्यक्ति नया नलकूप खनन नहीं करवा सकेगा। इसके अलावा, पहले से स्थापित नलकूप की 150 मीटर की परिधि में भी नया नलकूप खनन प्रतिबंधित रहेगा।
बिना अनुमति अवैध रूप से नलकूप खनन कराने पर मध्यप्रदेश पेयजल परिरक्षण अधिनियम में निर्धारित प्रावधानों के तहत संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



