
जनोदय पंच। बड़वानी। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वरला पुलिस ने खेत में गांजे की खेती पकड़ी है। मिर्ची की फसल के बीच और प्लास्टिक की बाल्टियों में लगाए गए 197 हरे पौधे जब्त किए गए। मामले में खेत मालिक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर खेत में दी दबिश
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस महानिरीक्षक (ग्रामीण) जोन इंदौर अनुराग एवं पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिमाला प्रसाद ने अवैध शराब, मादक पदार्थ, आर्म्स और जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक बड़वानी विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर तथा एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में वरला पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मेंदल्यापानी निवासी जगदीश पिता ऐशराम बारेला ने अपने खेत में मिर्ची की फसल के बीच और प्लास्टिक की बाल्टियों में गांजे के पौधे लगा रखे हैं। सूचना की तस्दीक और प्रारंभिक कार्रवाई के बाद थाना प्रभारी वरला निरीक्षक नारायण रावल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
197 हरे पौधे, 8 किलो 620 ग्राम गांजा जब्त
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी तो मिर्ची की फसल के बीच और प्लास्टिक की बाल्टियों में गांजे के पौधे लगे मिले। पुलिस ने विधिवत कार्रवाई और वीडियोग्राफी करते हुए खेत तथा बाल्टियों से कुल 197 छोटे-बड़े हरे गांजे के पौधे उखाड़कर जब्त किए।
जब्त पौधों का कुल वजन 8 किलो 620 ग्राम पाया गया। पुलिस ने इनकी अनुमानित कीमत 41,300 रुपए बताई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मौके से जब्ती की कार्रवाई के बाद खेत के मालिक और कब्जाधारी जगदीश पिता ऐशराम बारेला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। संबंधित खेत वन भूमि होने के संबंध में वन विभाग से आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा रही है। इसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी वरला निरीक्षक नारायण रावल, उनि महेन्द्रसिंह चौहान, सउनि शक्तिसिंह सिकरवार, आरक्षक 150 राजवीर, आरक्षक 257 अरविंद, आरक्षक चालक 556 सतीश, आरक्षक 403 विपेसिंह एवं आरक्षक 622 राधेश्याम की सराहनीय भूमिका रही।



