वरिष्ठ पत्रकार राजेश नाहर बने जैन पत्रकार परिषद मध्यप्रदेश इकाई के प्रदेश महासचिव
आचार्य श्री विश्वरत्न सागर सूरीश्वर जी महाराज साहेब के सानिध्य और आशीर्वाद से मिली जिम्मेदारी, पत्रकारों और नागरिकों ने दी बधाई

जनोदय पंच। खेतिया। जैन पत्रकार परिषद की मध्यप्रदेश इकाई में खेतिया के वरिष्ठ पत्रकार राजेश नाहर को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति प्रदेश संयोजक दीपकजी दुग्गड़ ने आचार्य श्री विश्वरत्न सागर सूरीश्वर जी महाराज साहेब के पावन सानिध्य और आशीर्वाद से की। नियुक्ति पर पत्रकार साथियों और नगर के नागरिकों ने प्रसन्नता जताते हुए बधाई दी।
संगठन ने जताया विश्वास
परिषद के मीडिया प्रभारी प्रवीण जैन ने नियुक्ति की जानकारी देते हुए समस्त पत्रकार साथियों की ओर से राजेश नाहर को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि नाहर के अनुभव और सक्रिय सहभागिता से संगठन को मजबूती मिलेगी। राजेश नाहर ने नियुक्ति को आचार्यश्री का आशीर्वाद बताते हुए परिषद के शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश संयोजक दीपकजी दुग्गड़ के प्रति आभार व्यक्त किया।
जैन समाज के उत्थान के लिए भी करेगा कार्य
दीपकजी दुग्गड़ के नेतृत्व में परिषद के गठन के बाद जैन पत्रकारों के सम्मेलन आयोजित किए गए हैं। संगठन पत्रकारिता के साथ जैन समाज के उत्थान, सामाजिक एकता, धर्म-संस्कृति के संरक्षण और राष्ट्रसेवा के उद्देश्य से कार्य कर रहा है।
निःशुल्क मिलेगी सदस्यता
आगामी समय में आचार्यश्री के सानिध्य में परिषद का सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी है। परिषद ने पत्रकारिता से जुड़े जैन समाज के पत्रकारों से सदस्यता लेने का आह्वान किया है। शासन द्वारा पंजीकृत इस संस्था की सदस्यता पूरी तरह निःशुल्क है। इच्छुक पत्रकार प्रदेश संयोजक से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।



