इंदौर

इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में 62 मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू, भारी पुलिस बल के साथ पहुंची निगम टीम

एमआर-10 स्थित कॉलोनी में प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई, हाईकोर्ट से 19 रहवासियों को अंतरिम राहत मिलने के बाद बाकी मकानों पर कार्रवाई शुरू

जनोदय पंच। इंदौर। एमआर-10 स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार सुबह नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। करीब 7 बजे भारी पुलिस बल के साथ टीम मौके पर पहुंची। यहां कुल 62 मकानों को हटाया जाना है। मामला लंबे समय से न्यायालयों में विचाराधीन रहा है।

सुबह 7 बजे बुलडोजर लेकर पहुंची टीम

कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार सुबह नगर निगम और प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बेदखली की कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई शुरू होने के बाद कॉलोनी में हलचल का माहौल रहा। इससे पहले पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण दो बार कार्रवाई टालनी पड़ी थी।

2003 से चल रहा जमीन का विवाद

मामला ग्राम खजराना स्थित सर्वे नंबर 66/2(क) की 0.720 हेक्टेयर जमीन से जुड़ा है। इस जमीन पर बने मकानों को हटाया जाना है। जमीन को लेकर श्रीराम बिल्डर्स और रहवासियों के बीच वर्ष 2003 से विवाद चल रहा है। मामला तहसीलदार से लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है।

19 रहवासियों को हाईकोर्ट से मिली अंतरिम राहत

शुक्रवार को हाईकोर्ट की डबल बेंच ने जगदीश कुमावत सहित 19 रहवासियों को अंतरिम राहत देते हुए फिलहाल बेदखल नहीं करने के आदेश दिए थे। इसके बाद बाकी 62 रहवासियों के मकानों पर कार्रवाई का रास्ता साफ हुआ। इन रहवासियों के खिलाफ बेदखली के आदेश पहले ही अंतिम हो चुके हैं।

पुलिस बल नहीं मिलने से टली थी कार्रवाई

कृष्णबाग कॉलोनी में मकान हटाने की कार्रवाई पहले 16 और 17 नवंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे टालना पड़ा। इसके बाद 18 और 19 नवंबर को भी कार्रवाई नहीं हो सकी। अब सोमवार को प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!