इंदौर के पास सिमरोल बायपास पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर, एक युवक की मौत और चार घायल
नेपानगर से लौट रहे थे पांच युवक, ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा; एसयूवी सवार वाहन मौके पर छोड़कर गए, पुलिस कर रही जांच

जनोदय पंच। इंदौर। सिमरोल के नए बायपास पर रविवार देर रात दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। सभी नेपानगर से इंदौर लौट रहे थे। कोल्ड स्टोरेज के सामने ओवरटेक के दौरान दुर्घटना हुई।
ओवरटेक के दौरान एसयूवी से टकराई कार
सिमरोल पुलिस के मुताबिक, हादसा रविवार रात करीब 3 बजे नए बायपास पर कोल्ड स्टोरेज के सामने हुआ। एक वाहन को ओवरटेक करने के दौरान कार सामने से आ रही एसयूवी से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार चला रहे अमित (28) को गंभीर चोटें आईं। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
अमित सहित पांच लोग थे कार में सवार
दुर्घटना में खजराना के पुष्प नगर निवासी अमित पुत्र अगस्टेन फ्रांसिस, उसका चचेरा भाई रोहित (35) पुत्र सिल्वेस्टा फ्रांसिस, निलेश (38) पुत्र नाबर्ट फ्रांसिस और उनके दो दोस्त फैजान (21) पुत्र मंजूर तथा शादाब घायल हुए। अमित को छोड़कर बाकी चारों को सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं।
परिवार के लोगों ने बताया कि अमित और रोहित अपनी चचेरी बहन से मिलने कार से नेपानगर गए थे। एक दिन पहले ही रोहित ने सेकंड हैंड कार खरीदी थी। इसके बाद सभी ने बहन के घर जाने का कार्यक्रम बनाया था। लौटते समय यह हादसा हो गया।
अमित माता-पिता का इकलौता बेटा था
अमित और रोहित पेंटिंग का काम करते थे, जबकि निलेश एक कंपनी में काम करता है। अमित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके एक भाई की काफी समय पहले मौत हो चुकी है।
एसयूवी सवारों की जानकारी जुटा रही पुलिस
हादसे के बाद एसयूवी में सवार लोग अपना वाहन मौके पर छोड़कर चले गए। पुलिस के मुताबिक, एसयूवी में कितने लोग सवार थे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस वाहन और उसमें सवार लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।



