बिजासन घाट में दर्दनाक हादसा, पिता के ट्रेलर से बेटे की मौत
मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर निर्माण कार्य के बीच हुआ हादसा, बिजासन घाट में बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर उठे सवाल

जनोदय पंच।मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे के बिजासन घाट में शुक्रवार शाम ब्रेक फेल ट्रेलर हादसे में कंडक्टर जसवंत सिंह की मौत हो गई। ट्रेलर चालक उसका पिता शंकर था। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लगा रहा। क्षेत्र में सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग उठी।
बिजासन घाट में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर महाराष्ट्र की ओर जा रहा ट्रेलर घाट क्षेत्र में निर्माण कार्य के कारण अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया गया कि सड़क पर चल रहे डामरीकरण कार्य के बीच ट्रेलर का ब्रेक फेल हो गया।
स्थिति को संभालने के लिए कंडक्टर जसवंत सिंह ट्रेलर से नीचे उतरा और पहियों के आगे पत्थर लगाने का प्रयास करने लगा, ताकि वाहन को रोका जा सके। इसी दौरान चालक शंकर ने ट्रेलर को नियंत्रित करने के प्रयास में उसे रेलिंग से टकरा दिया।

15 मीटर तक घिसटता रहा कंडक्टर
टक्कर के दौरान जसवंत सिंह ट्रेलर और रेलिंग के बीच फंस गया। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार वह लगभग 15 मीटर तक ट्रेलर और रेलिंग के बीच घिसटता रहा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक जसवंत सिंह राजस्थान के अजमेर जिले का निवासी बताया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित रहा।

बिजासन घाट में बढ़ते हादसे
स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजासन घाट हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। वर्तमान में बिजासन घाट से खलघाट तक डामरीकरण का कार्य जारी है, जिसके कारण आए दिन ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाएं हो रही हैं। तीन दिन पहले निर्माण कंपनी के एक सुपरवाइजर की भी ट्रक के पहिए के नीचे आने से मौत हो चुकी है। लोगों ने घाट क्षेत्र में स्थायी यातायात व्यवस्था लागू करने, ब्रेक-चेक प्वाइंट स्थापित करने और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।



