सेंधवा के भगोरिया हाट में उमड़ा जनसैलाब, परंपरा और उत्साह का संगम, ढोल-मांदल की थाप पर थिरके विधायक सोलंकी, आर्य के निवास पर मिलन समारोह
खरीददारी, लोकनृत्य, झूले और पारंपरिक मिलन के बीच सुरक्षा व्यवस्था रही मुस्तैद

रमन बोरखड़े। सेंधवा। सेंधवा में रविवार को आयोजित भगोरिया हाट में पारंपरिक उत्साह और सामूहिक सहभागिता का दृश्य दिखाई दिया। 500 से अधिक दुकानें सजीं। विधायक मोंटू सोलंकी और सिलदार सोलंकी ने सहभागिता की। अजजा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य ने मिलन समारोह आयोजित किया।
रविवार को आयोजित भगोरिया हाट में खरीददारी, लोक संगीत और नृत्य के बीच आदिवासी संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली। ढोल-मांदल की गूंज से पूरा हाट उत्सव के रंग में रंगा दिखाई दिया। लोग परिवार और साथियों के साथ पहुंचे और मेले की रौनक का आनंद लिया। दुकानों पर पारंपरिक खरीददारी होती रही। युवक-युवतियां ढोल-मांदल की थाप पर झूमते नजर आए। आदिवासी समाज की प्रकृति से जुड़ी परंपराएं मेले में स्पष्ट दिखाई दीं।

जनप्रतिनिधियों की सहभागिता
इसी उत्साहपूर्ण माहौल में विधायक मोंटू सोलंकी हाट में पहुंचे। उन्होंने ढोल बजाकर लोगों के साथ उत्सव में भाग लिया और झूमते नजर आए। उनकी सहभागिता से माहौल और अधिक जीवंत हो गया। इस अवसर पर विधायक मोंटू सोलंकी ने विधायक कार्यालय के सामने ग्रामीणों के लिए पोहे और पानी की व्यवस्था की। विधायक ने स्वयं अपने हाथों से पोहे व पानी वितरण भी किया।

भगोरिया मेले में मौजूद लोगों में भी उत्साह और उमंग बढ़ती दिखाई दी। किसान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिलदार सोलंकी ने भी भगोरिया हाट में सहभागिता की। मेले में 500 से अधिक छोटी-बड़ी दुकानें लगीं। लोगों ने खरीदारी की, झूलों का आनंद लिया और विभिन्न व्यंजनों का स्वाद चखा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और प्रशासन मौजूद रहा।


विधायक ने शुभकामनाएं दीं
इस अवसर पर विधायक मोंटू सोलंकी ने सभी क्षेत्रवासियों को होली और भगोरिया की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेंधवा मुख्यालय का भगोरिया पीढ़ी दर पीढ़ी आयोजित होता आ रहा है, जिसमें आदिवासी समाज धूमधाम से शामिल होता है। यहां लोग सामान खरीदते हैं, झूलों का आनंद लेते हैं, एक-दूसरे से मिलते हैं और समाज की एकता का संदेश देते हैं।

उन्होंने कहा कि यह आदिवासी समाज की संस्कृति है, जिसे बचाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाता है। आदिवासी समाज प्रकृति से गहराई से जुड़ा है और उसके सभी पर्व-त्योहार प्रकृति के साथ संबंध को दर्शाते हैं। भगोरिया हाट होली के बाजार के रूप में आयोजित होता है। फसल पकने के बाद लोग यहां आते हैं, खरीददारी करते हैं और अपने घर-परिवार के साथ खुशी से त्योहार मनाते हैं।

मिलन समारोह का आयोजन
अजजा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य ने रविवार को अपने निवास पर भगोरिया मिलन समारोह आयोजित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में शहरवासी, ग्रामीण क्षेत्र के ग्रामीणजन और कार्यकर्तागण पहुंचे। क्षेत्रवासियों के साथ पारंपरिक गुड़-सेव एवं चने का आनंद लिया गया और आत्मीय मुलाकात कर शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।




