बड़वानी में पुलिस की ऑनलाइन जनसुनवाई, एसपी ने 8 शिकायतों पर अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
एसपी कार्यालय से जिले के सभी एसडीओपी, थाना और चौकी प्रभारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े

जनोदय पंच। बड़वानी पुलिस ने जनसमस्याओं के त्वरित और पारदर्शी निराकरण के लिए ऑनलाइन जनसुनवाई की। एसपी कार्यालय से जिले के सभी एसडीओपी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी वर्चुअल रूप से जुड़े। जनसुनवाई में आठ आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ऑनलाइन माध्यम से अधिकारियों को शिकायतों की जानकारी
मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने एसपी कार्यालय में उपस्थित आवेदकों की शिकायतें सीधे सुनीं। शिकायतों की जानकारी उसी समय संबंधित थाना प्रभारी अथवा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस को ऑनलाइन माध्यम से दी गई और प्रकरण में वैधानिक एवं यथोचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

संबंधित आवेदकों को की गई कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए, ताकि शिकायतों के निराकरण में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
आठ मामलों में समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
जनसुनवाई में कुल आठ आवेदन प्राप्त हुए। इनमें आपसी लेनदेन, जमीन संबंधी विवाद, पारिवारिक मनमुटाव, लड़ाई-झगड़े और महिला संबंधी विषयों से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं। पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को संवेदनशीलता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतों पर प्राथमिकता
जनसुनवाई में प्रत्येक शिकायत की जांच निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और अत्यंत संवेदनशील मामलों से संबंधित शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने को कहा गया।
पूर्व से लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जांच अधिकारियों को पूरी जवाबदेही के साथ प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस और आमजन के बीच विश्वास मजबूत करने पर जोर
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा, “जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आमजन और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करना है। बड़वानी पुलिस का प्रयास है कि प्रत्येक पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए बिना किसी देरी के निष्पक्ष एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।”
जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, शिकायत शाखा निरीक्षक विनोद बघेल, निरीक्षक सुनीता मंडलोई सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



