खरगोन-बड़वानी

ईद मिलादुन्नबी पर खेतिया में गूंजा अमन-भाईचारे का पैगाम, सर्व आदिवासी समाज ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत

शंकर सिरसाठ, खेतिया। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के रूप में मनाए जाने वाले पवित्र पर्व ईद मिलादुन्नबी पर खेतिया शहर में अमन, भाईचारे और सामाजिक एकता की मिसाल देखने को मिली। सुन्नत मुस्लिम जमात के तत्वावधान में नाते पाक की तिलावत के साथ भव्य रैली निकाली गई। रैली का पिस्तौल चौक पर सर्व आदिवासी समाज की ओर से पुष्प वर्षा कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस दौरान सर्व आदिवासी समाज के लोगों ने मुस्लिम समाज के लोगों का स्वागत करते हुए आपसी सद्भाव, देशप्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। स्वागत कार्यक्रम में धर्मनिरपेक्षता की खूबसूरत झलक देखने को मिली। दोनों समाजों के लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जयस संस्थापक विक्रम अछालिया, फिरदौस मंसूरी, फिरोज लोहार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश सोनी, मयूर परमार, महेश चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता संजय भोसले, प्रवीण पटेल, ईश्वर इंदवेकर, वीर सिंह भोंसले और थान सिंह डावर सहित सर्व आदिवासी समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
वहीं मुस्लिम समाज की ओर से सुल्तान खान, गनी कुरैशी, जाकिर बेलिम, इमरान कुरैशी, सईद मंसूरी, अजहर शेख, फारूक ठेकेदार, असीम सैयद और फारूक बेलिम सहित बड़ी संख्या में समाजजन रैली में शामिल हुए।
रैली के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के अमन, इंसानियत, मोहब्बत और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
सर्व आदिवासी समाज द्वारा मुस्लिम समाज की रैली का पुष्प वर्षा कर किया गया स्वागत खेतिया की गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की मजबूत परंपरा को दर्शाता है। कार्यक्रम ने समाज में एकता और सौहार्द का सकारात्मक संदेश दिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!