सेंधवा में भगवान परशुराम जयंती पर दिनभर धार्मिक आयोजन, प्रभातफेरी से शोभायात्रा तक जुटे समाजन
सेंधवा के निवाली रोड स्थित परशुराम मंदिर में पूजन, शोभायात्रा और रक्तदान शिविर, समाजजन की व्यापक भागीदारी

जनोदय पंच। सेंधवा। शहर में भगवान परशुराम जयंती पर ब्राह्मण समाज द्वारा पूजन, प्रभातफेरी और शोभायात्रा आयोजित की गई। दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। शाम को शोभायात्रा निकली और प्रसादी वितरण हुआ। साथ ही रक्तदान शिविर आयोजित कर समाजजन को जागरूक किया गया।
सेंधवा में भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर रविवार को ब्राह्मण समाज द्वारा अपने आराध्य भगवान परशुराम का पूजन किया गया। सुबह से ही परशुराम मंदिर में धार्मिक गतिविधियां प्रारंभ हो गई थीं। दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। इस दौरान मारवाड़ी समाज सहित सर्व ब्राह्मण समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और भक्ति भाव से आयोजन में शामिल हुए।

प्रभातफेरी का आयोजन
समाज अध्यक्ष गिरवर दयाल शर्मा ने बताया कि निवाली रोड स्थित मंदिर में सुबह भगवान परशुराम का अभिषेक और पूजन किया गया। मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया। इसके बाद सुबह 6 बजे प्रभातफेरी निकाली गई, जो निवाली रोड से प्रारंभ होकर जलाराम मंदिर, मोतीबाग चौक, सेठिया स्टोर्स, गणेश मंदिर किला गेट, राम मंदिर, श्याम बाजार और सत्यनारायण मंदिर होते हुए पुनः परशुराम मंदिर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

भव्य शोभायात्रा का आयोजन
रविवार शाम को राम कटोरा मंदिर से सैकड़ों समाजजनों की उपस्थिति में विशाल शोभायात्रा निकाली गई। आकर्षक रथ पर भगवान परशुराम की प्रतिमा सजाई गई। बैंड बाजों पर भजन प्रस्तुत किए गए, जिन पर महिला और पुरुष उत्साहपूर्वक शामिल हुए। शोभायात्रा श्याम बाजार, सत्यनारायण मंदिर और मोतीबाग चौक होते हुए निवाली रोड स्थित परशुराम मंदिर पहुंची। मार्ग में कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

महाआरती और प्रसादी वितरण
शोभायात्रा के समापन पर मंदिर में महाआरती की गई। इसके बाद सभी समाजजनों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। आयोजन के दौरान पूरे दिन श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का वातावरण बना रहा।
रक्तदान शिविर का आयोजन
परशुराम जयंती के अवसर पर समाजजन द्वारा रक्तदान महादान के संकल्प के साथ शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान कई लोगों ने रक्तदान किया। समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने रक्तदान के महत्व को बताते हुए प्रत्येक व्यक्ति से इसमें भाग लेने की अपील की। यह पहला अवसर रहा जब मारवाड़ी ब्राह्मण समाज द्वारा परशुराम जयंती पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।



