राज्यसभा सांसद ने किया निर्माणाधीन सांदीपनि स्कूल का निरीक्षण, निरीक्षण के दौरान प्रत्येक कक्ष का बारीकी से अवलोकन, कमियां मिलने पर अधिकारियों को दिए सुधार के निर्देश
24 करोड़ की लागत से बन रहे चार मंजिला भवन का लिया जायजा, 1800 विद्यार्थियों के लिए बन रही आधुनिक शैक्षणिक सुविधा

जनोदय पंच। बड़वानी। जिले के सिलावद में 24 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे सांदीपनि स्कूल (सीएम राइज) के भवन का राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन के प्रत्येक हिस्से का बारिकी से अवलोकन कर कमियां मिलने पर निर्माण एजेंसी के पदाधिकारियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों को सुधार करने के निर्देश दिए।
4 मंजिला इस भवन के बन जाने के बाद केजी-1 से लेकर 12 वीं कक्षा तक के करीब 1800 विद्यार्थी एक छत के नीचे शिक्षा ले सकेंगे। पिछले करीब डेढ़ साल से इस भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। वर्तमान में लगभग 70 फीसदी काम पूर्ण हो चुका है। वहीं अगले 6 माह में इसके पूर्णरुप से बनकर तैयार होने की संभावना है।
भवन का निरीक्षण करने पहुंचे राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी ने
निर्माणाधीन भवन के कमरों, क्लास रूम, लैब सहित अन्य कक्षों को देखा और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। निर्माण एजेंसी के पदाधिकारियों ने बताया कि विद्यालय में 60 से अधिक कमरे और 36 से अधिक आधुनिक क्लास रूम बनाए जा रहे हैं। केजी-1 से 12 वीं कक्षा तक अलग-अलग सेक्शन में कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। एक कक्ष में करीब 50 विद्यार्थी एक साथ बैठकर शिक्षा ले सकेंगे। निरीक्षण के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय यादव, पूर्व जपं उपाध्यक्ष महेश भावसार, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष हीरा यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनीष गुप्ता, दिलीप भावसार, संजीव राठौड़, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष पीयूष राठौड़, संस्था प्राचार्य कैलाश भालसे सहित अन्य मौजूद थे।

स्टेज छोटा होने पर जताई नाराजगी, खड़े रहकर कराई नाप-तौल
स्कूल भवन का निरीक्षण करने पहुंचे राज्यसभा सांसद डॉ. सोलंकी ने सबसे पहले भवन के परिसर में बनाए गए स्टेज का अवलोकन किया, जो कि छोटा बनाया गया था, इस पर उन्होंने निर्माण एजेंसी के जिम्मेदारों और विभाग के इंजीनियर से सवाल-जवाब कर स्टेज की नाप-तौल कराई। उन्होंने स्टेज छोटा बनाए जाने पर असंतोष जताया और इसकी लंबाई-चौड़ाई और ऊंचाई बढ़ाकर व्यवस्थित ढंग से स्टेज बनाने के निर्देश दिए। राज्यसभा सांसद ने कहा कि स्टेज पर होने वाले आयोजन व्यवस्थित तरीके से हो सके, इस तरह का निर्माण कार्य किया जाए।

लापरवाही ना करें, कमियां होने पर होगी कार्रवाई
राज्यसभा सांसद डॉ. सोलंकी ने अपने गृहक्षेत्र सिलावद में बन रहे सांदीपनि स्कूल के भवन के निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही ना करने की हिदायत निर्माण एजेंसी और विभाग के अधिकारियों को दी। उन्होंने निर्माण एजेंसी और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि भवन निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा बताई गई छोटी-छोटी कमियों को भी तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़ी इस परियोजना में गुणवत्ता सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और विद्यार्थियों को बेहतर से बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए। सांसद ने कहा कि विद्यालय तैयार होने के बाद सिलावद क्षेत्र के बच्चों को अत्याधुनिक सर्वसुविधायुक्त भवन में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

निजी स्कूलों से भी बेहतर सुविधाओं के साथ बन रहा भवन
राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी ने बताया कि यह विद्यालय निजी स्कूलों से भी बेहतर सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है। यहां स्मार्ट क्लास, बेहतर बैठने की व्यवस्था, सुरक्षित परिसर, आधुनिक प्रयोगशालाएं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी कई बच्चे दूरदराज गांवों से पैदल स्कूल आने को मजबूर है, लेकिन विद्यालय भवन तैयार होने के बाद बस सेवा शुरू की जाएगी। बसें गांव-गांव जाकर बच्चों को स्कूल लेकर आएगी और स्कूल की छुट्टी होने के बाद सुरक्षित वापस घर तक छोड़ेगी।



