खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

खेतिया में अनुराधा पौडवाल के भजनों पर झूमे श्रोता, मंत्री विजयवर्गीय ने भी दी शानदार प्रस्तुति

पद्मश्री अनुराधा पौडवाल ने भक्ति, देशभक्ति और फिल्मी गीतों से बांधा समां, कैलाश विजयवर्गीय सहित बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

खेतिया। शंकर सिरसाठ। खेतिया में आयोजित माँ कानबाई उत्सव की संगीत संध्या में भक्ति और फिल्मी गीतों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पद्मश्री अनुराधा पौडवाल सहित कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी।

भक्ति गीतों से गूंजा पंडाल

माँ कानबाई उत्सव के अवसर पर शहर की कृषि उपज मंडी समिति के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में दर्शकों से खचाखच भरे पंडाल के बीच पद्मश्री अनुराधा पौडवाल और उनके साथ आए सुमधुर गायकों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में शिव मेरा मंदिर, शिव तेरी पूजा और चलो बुलावा आया है माता ने बुलाया है जैसे भजनों के साथ देशभक्ति गीत और अनुराधा पौडवाल के फिल्मों में गाए गीत प्रस्तुत किए गए। बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों ने संगीत संध्या का आनंद लिया।

मंत्री विजयवर्गीय ने दी प्रस्तुति

मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी कार्यक्रम में पहुंचे। आयोजक परिवार दयाराम महाजन की ओर से उनका स्वागत अभिनंदन किया गया। अनुराधा पौडवाल के अनुरोध पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने हमें तुमसे प्यार कितना यह हम नहीं जानते गीत गाकर दर्शकों की तालियां बटोरीं।

अपने उद्बोधन में कैलाश विजयवर्गीय ने सूर और साधना को एक-दूसरे का पर्यायवाची बताया। उन्होंने चार दशक की सुरों की यात्रा के लिए पद्मश्री अनुराधा पौडवाल के गायन की प्रशंसा की।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

कैलाश विजयवर्गीय के खेतिया पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी मंडल खेतिया के कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष रामचन्द्र सोनिस के नेतृत्व में गर्मजोशी से स्वागत किया। आतिशबाजी के साथ हुए स्वागत में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष अजय यादव, नगर परिषद खेतिया अध्यक्ष दशरथ निकुम, नगर परिषद पानसेमल अध्यक्ष शैलेन्द्र भंडारकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रशासन ने संभाली व्यवस्थाएं

आयोजन को लेकर शहर में शुरुआत से ही उत्साह का माहौल रहा। पुलिस खेतिया द्वारा कार्यक्रम की व्यवस्थाएं बनाई गईं। इस दौरान अनु विभागीय अधिकारी पुलिस बी एल ऑटोदे, नगर निरीक्षक पुष्प करण मूवेल, नायब तहसीलदार प्रज्ञा पाटीदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

नगरीय निकाय मंत्री के आगमन पर नगर परिषद के कर्मचारी लंबे समय बाद निर्धारित वेशभूषा में दिखाई दिए।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!