इंदौरमुख्य खबरेस्वास्थ्य-चिकित्सा

इंदौर में स्वाइन फ्लू का दूसरा मरीज मिला, H1N1 पुष्टि के बाद निजी अस्पताल में इलाज जारी

उज्जैन में महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की निगरानी बढ़ी, एमवाय अस्पताल में मरीजों के लिए वार्ड तैयार

जनोदय पंच। इंदौर में स्वाइन फ्लू के दूसरे मरीज की पुष्टि हुई है। संक्रमित मरीज का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इससे पहले उज्जैन की एक महिला की H1N1 संक्रमण के बाद मौत हुई थी। स्वास्थ्य विभाग अब संक्रमण के स्रोत और संपर्कों की निगरानी कर रहा है।

उज्जैन की महिला की मौत के बाद दूसरा मामला

हाल ही में उज्जैन निवासी करीब 60 से 62 वर्षीय महिला की H1N1 रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इंदौर के निजी अस्पताल में करीब 16 दिन इलाज के बाद उन्हें 18 अगस्त को LAMA यानी चिकित्सकीय सलाह के विरुद्ध छुट्टी देकर उज्जैन ले जाया गया था। अगले दिन घर पर उनकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल से रिकॉर्ड और मरीज से संबंधित जानकारी मांगी है। जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम भी बनाई गई है।

दूसरे मरीज की हालत ठीक

इंदौर में मिले दूसरे मरीज को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नजदीकी लोगों के अनुसार मरीज को भर्ती कराने के लिए परिजन को तीन अस्पतालों में संपर्क करना पड़ा, जहां स्वाइन फ्लू मरीज को भर्ती करने से इनकार किया गया। इसके बाद गीता भवन अस्पताल के पास स्थित निजी अस्पताल में मरीज को भर्ती कराया गया। फिलहाल मरीज की हालत ठीक बताई जा रही है और रविवार को डिस्चार्ज किए जाने की संभावना है।

संक्रमण के स्रोत पर स्वास्थ्य विभाग की नजर

दूसरा H1N1 मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की निगरानी और संक्रमण के संभावित स्रोत की जानकारी जुटा रहा है। स्वाइन फ्लू में बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द और कमजोरी जैसे लक्षण हो सकते हैं। सांस लेने में परेशानी या गंभीर लक्षण होने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

एमवाय अस्पताल में वार्ड तैयार

एमवाय अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डॉ. अशोक यादव ने बताया कि स्वाइन फ्लू से बचाव और उपचार के लिए अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। ऐसे मरीजों को भर्ती करने के लिए वार्ड तैयार रखा गया है। अस्पताल में जांच, उपचार और मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी उपलब्ध है।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!