सेंधवा में वार्डों का निरीक्षण, बीएलओ के कार्य की प्रगति का लिया गया जायजा

सेंधवा। निर्वाचन अधिकारी द्वारा नगर में चलाए जा रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुननिरीक्षण के महाअभियान कार्य को लेकर भाजपा पूरी तरह सक्रिय है। विशेष गहन पुननिरीक्षण में लगे बीएलओ एवं मतदाताओं के फार्म भरने में भाजपा कार्यकर्ता सहयोग प्रदान कर रहे हैं। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई थी, जिसके तहत वर्तमान मतदाता सूची के साथ वर्ष 2003 की सूची भी उपलब्ध कराई गई, ताकि फार्म भरने में सुविधा मिले और कोई भी मतदाता का नाम छूट न जाए।
वहीं सरकारी बीएलओ के पास भी सूची उपलब्ध कराई गई है। कार्यक्रम के अंतर्गत नगर मंडल प्रभारी सुनील अग्रवाल ने गुरुवार को नगर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्रदान की।
सुनील अग्रवाल ने मतदाताओं से सही विवरण उपलब्ध कराने और आवश्यक दस्तावेज समय पर प्रस्तुत करने की अपील करते हुए कहा कि सटीक मतदाता सूची तैयार करने में नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान वार्ड 17 के पार्षद पति सचिन शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारी और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। बीएलओ ने जानकारी दी कि लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है और शेष कार्य भी निर्धारित समय सीमा में पूरा कर लिया जाएगा।
अग्रवाल ने बताया कि एसआईआर के कार्य में भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है, जो बीएलओ के साथ घर-घर जाकर सहयोग प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों और बीएलओ को उनके समर्पित प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया और आमजन से अधिकतम सहयोग की अपील की।



