अपराधइंदौरमुख्य खबरे

इंदौर में गरबा पार्टनर के नाम पर साइबर ठगी का खतरा, क्राइम ब्रांच ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को किया सतर्क

फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल और रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर ठगी की आशंका, पुलिस ने ओटीपी व निजी जानकारी साझा नहीं करने की अपील की

जनोदय पंच। इंदौर में नवरात्रि के दौरान गरबा पार्टनर उपलब्ध कराने के नाम पर साइबर ठगी की आशंका को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने फर्जी प्रोफाइल, रजिस्ट्रेशन फीस और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की अपील करते हुए साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की सलाह दी है।

नवरात्रि में गरबा खेलने के बढ़ते उत्साह के बीच साइबर ठग लोगों को निशाना बनाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। सोशल मीडिया पर आकर्षक फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को गरबा पार्टनर उपलब्ध कराने का झांसा दिया जा रहा है। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस और अन्य शुल्क के नाम पर पैसों की मांग की जाती है।

कई मामलों में संदिग्ध लिंक भेजकर मोबाइल फोन और निजी जानकारी को खतरे में डालने की कोशिश भी की जाती है।

एडिशनल डीसीपी ने किया सतर्क

इंदौर क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि गरबा पार्टनर उपलब्ध कराने के नाम पर पैसे मांगने वाले अनजान लोगों और फर्जी वेबसाइट से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और बिना सत्यापन के किसी वेबसाइट या ऐप पर भुगतान न करें।

ओटीपी और निजी जानकारी साझा न करने की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी के साथ भी अपना ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, निजी फोटो या वीडियो साझा न करें। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रोफाइल पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें।

ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत

पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है। इंदौर पुलिस का कहना है कि सावधानी और सतर्कता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!