बड़वानी में पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक के तहत एक करोड़ रुपए से अधिक का अवैध गांजा जप्त
तीन जिलों के 400 से अधिक पुलिसकर्मियों और ड्रोनों की मदद से दुर्गम पहाड़ियों और जंगलों में चलाया गया अब तक का सबसे बड़ा सघन सर्चिंग ऑपरेशन।

जनोदय पंच। बड़वानी जिले में पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की अवैध गांजे की फसल जप्त की है। तीन जिलों के 400 से अधिक पुलिसकर्मियों ने ड्रोन की मदद से 19 गांवों में दबिश देकर 5 खेतों से 23 क्विंटल से अधिक पौधे बरामद किए हैं।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे नशे से दूरी है जरूरी अभियान के अंतर्गत अवैध मादक पदार्थों पर अंकुश लगाने हेतु विशेष निर्देश दिए गए हैं। पुलिस महानिरीक्षक अनुराग, पुलिस उप महानिरीक्षक सिमाला प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन व मार्गदर्शन में थाना वरला के दुर्गम पहाड़ी इलाकों में अवैध गांजे की खेती पर प्रहार करने हेतु ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक शुरू किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के नेतृत्व में खरगोन, खंडवा और बड़वानी जिलों के 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की 12 टीमों का गठन किया गया। टीमों ने 12 सितम्बर 2026 को थाना वरला क्षेत्र के 19 गांवों तथा ग्राम डोकलियापानी, धवलियागीर, बागदरी, टाकियापानी और आड़नदी के दूरस्थ पहाड़ी व जंगल इलाकों में ड्रोन की मदद से व पैदल सर्चिंग कर 5 अवैध खेतों का पर्दाफाश किया। जप्तशुदा खेत वन भूमि पर स्थित होने के कारण, वन विभाग से पट्टाधारियों तथा कब्जाधारियों की जानकारी प्राप्त कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि दिनांक 10 सितम्बर 2026 को भी ग्राम शक्करकुआं बोरपड़ावा में 4 खेतों से 6 हजार से अधिक पौधे जप्त किए गए थे। इस प्रकार बीते दो दिनों में कुल 9 प्रकरण दर्ज कर 34 क्विंटल से अधिक अवैध मादक पदार्थ जप्त किया जा चुका है।


अपराधवार जप्ती का विस्तृत विवरण
कार्रवाई के दौरान एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 तथा 20 के तहत कुल 5 अपराध दर्ज किए गए हैं। अपराध क्रमांक 224/2026 के तहत 1,110 पौधे जप्त किए गए जिनका वजन 2 क्विंटल 800 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 10 लाख रुपए है। अपराध क्रमांक 225/2026 के तहत 1,136 पौधे जप्त किए गए जिनका वजन 1 क्विंटल 44 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 7 लाख रुपए से अधिक है। अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत 2,100 पौधे जप्त किए गए जिनका वजन 3 क्विंटल से अधिक और अनुमानित कीमत 15 लाख रुपए से अधिक है। अपराध क्रमांक 227/2026 के तहत 11,000 से अधिक पौधे जप्त किए गए जिनका वजन 10 क्विंटल से अधिक और अनुमानित कीमत 33 लाख रुपए है। इसके अलावा अपराध क्रमांक 228/2026 के तहत भी 11,000 से अधिक पौधे जप्त किए गए जिनका वजन 10 क्विंटल से अधिक और अनुमानित कीमत 50 लाख रुपए है।

पुलिस अधिकारियों और बल का विशेष योगदान
इस विशाल सर्च ऑपरेशन की सफलता में पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस बल का सराहनीय योगदान रहा है। इस पूरी कार्रवाई में डीएसपी अनिल बामनिया, डीएसपी कैलाश चौहान, रक्षित निरीक्षक गजेंद्र निंगवाल, रक्षित निरीक्षक उषा सिसौदिया, थाना प्रभारी नारायण रावल, थाना प्रभारी ओमप्रकाश चौंगड़, थाना प्रभारी सौरभ बाथम, थाना प्रभारी पी.के. मुवेल, थाना प्रभारी वीरबहादुर सिंह, थाना प्रभारी सुखलाल भंवर शामिल रहे। साथ ही उप-निरीक्षक रामकृष्ण लोवंशी, विकास बेनल, रविंद्र चौकले, प्रकाश राय सहित बड़वानी, खरगोन, खंडवा एवं डीआईजी कार्यालय का समस्त पुलिस बल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।



