सेंधवा के जुलवानिया में सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ बड़ा फैसला, दहेज, शराब और डीजे पर तय किए भारी जुर्माने
ग्राम पंचायत की बैठक में पटेल, पुजारा, डाहाला, वारती, कोतवाल और ग्रामीणों ने लिया सामूहिक संकल्प

जनोदय पंच: ग्राम पंचायत जुलवानिया में सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ बैठक आयोजित कर दहेज, शराब की बिक्री और सेवन तथा डीजे पर रोक संबंधी निर्णय लिए गए। दूसरी शादी, दहेज लेने-देने, शराब बेचने और डीजे बजाने पर अलग-अलग दंड निर्धारित किए गए।
पटेल, पुजारा और ग्रामीणों की मौजूदगी में हुई बैठक
सेंधवा। 11 सितंबर 2026 को ग्राम पंचायत जुलवानिया में ग्राम के पटेल, पुजारा, डाहाला, वारती, कोतवाल तथा समस्त ग्रामवासियों की उपस्थिति में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सामाजिक सुधार तथा गांव में शांति और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर सर्वसम्मति से निर्णय लेकर सामूहिक संकल्प लिया गया।
बैठक में सामाजिक कुरीतियों को रोकने के लिए दहेज प्रथा, शराब की बिक्री एवं सेवन तथा डीजे के संबंध में अलग-अलग निर्णय किए गए।
दहेज लेने-देने और दूसरी शादी पर दंड निर्धारित
विवाह के अवसर पर 50,571 (पचास हजार पांच सौ इक्यावन रुपये) से अधिक दहेज लेने-देने पर निर्धारित दंड/जुर्माना लागू करने का निर्णय लिया गया। 15,000 बकरे के लिए निर्धारित किए गए हैं। वहीं 2,000 लड़की पक्ष की ओर से पटेल के लिए तथा 2,000 लड़के पक्ष की ओर से निर्धारित किए गए हैं।
यदि कोई व्यक्ति दूसरी शादी करता है तो उसके लिए 1,50,000 का दंड निर्धारित किया गया है। दूसरी शादी के मामले में 2 बकरे तथा पंचायत द्वारा 20,000 निर्धारित किए जाएंगे। इसमें से 10,000 संबंधित/सामने वाले पंच को दिए जाएंगे तथा 10,000 लड़की पक्ष के लोगों द्वारा सामूहिक रूप से भोजन आदि में उपयोग किए जाएंगे।

शराब बेचने, उकसाने और खरीदने-पीने पर अलग-अलग जुर्माना
गांव में शराब की बिक्री और सेवन को रोकने के लिए भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। शराब बेचते हुए पकड़े जाने पर 50,000 का दंड लगाया जाएगा। किसी व्यक्ति को शराब बेचने के लिए उकसाने, कहने या बिक्री के लिए प्रेरित करने पर 1,00,000 का दंड निर्धारित किया गया है। वहीं शराब की दुकान या बिक्री के स्थान से शराब खरीदते अथवा पीते हुए पकड़े जाने पर 5,000 का दंड लगाया जाएगा।
डीजे बजाने पर डेढ़ लाख रुपए का दंड
ग्राम में डीजे के कारण होने वाले अनावश्यक शोर एवं सामाजिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए डीजे के संबंध में भी निर्णय लिया गया। यदि कोई व्यक्ति ग्राम में डीजे बुलाता या बजवाता है तो उस पर 1,50,000 का दंड लगाया जाएगा।
ग्रामीणों ने लिया शांति और सामाजिक अनुशासन का संकल्प
ग्राम पंचायत जुलवानिया में उपस्थित पटेल, पुजारा, गांव डाहाला, वारती, कोतवाल तथा समस्त ग्रामवासियों की सहमति से सभी निर्णय लिए गए। ग्रामीणों ने गांव में शांति, एकता, सामाजिक अनुशासन और बुरी प्रथाओं को रोकने के लिए इन निर्णयों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का सामूहिक संकल्प लिया।
बैठक में गिरधान पटेल, पूर्व सरपंच अतर सिंह सोलंकी, वर्तमान सरपंच मोतीराम नार्वे, कारेश खरते, ग्राम सभा अध्यक्ष मूला कोतवाल, टंट्या पवार, हाड़िया मेहमर, हिरमल वार्ती, जगदीश पवार, भाया सुनका महाराज और कालसिंह महाराज सहित सभी गांव के उपस्थित लोगों ने सहमति जताई।



