सेंधवा

सेंधवा में सीएमसीएलडीपी का सत्रारंभ, विद्यार्थियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाएं पहुंचाने का संदेश

समाजकार्य विद्यार्थियों को सामूहिकता, सहभागिता और स्वावलंबन की भावना विकसित करने पर जोर

जनोदय पंच। सेंधवा में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के शैक्षणिक सत्र 2026-27 का सत्रारंभ समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं और पूर्व छात्रों ने सहभागिता की। वक्ताओं ने समाज के सर्वांगीण विकास और शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया।

संयुक्त पाठ्यक्रम के तहत आयोजित हुआ सत्रारंभ समारोह

मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्य प्रदेश शासन एवं महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम समाजकार्य स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रम के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 का सत्रारंभ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक दारासिंह चौहान ने की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वीर बलिदान खाज्या नायक स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेंधवा के पूर्व प्राचार्य एवं सेवानिवृत्त प्रोफेसर एचडी वैष्णव उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज कार्य करने वाले व्यक्तियों में प्रत्येक व्यक्ति की छुपी हुई शक्तियों और क्षमताओं को उभरने का काम करती है। प्रकृति में अद्भुत, अदृश्य, अनगिनत और असंख्य शक्तियां मौजूद हैं, जिन्हें व्यक्तियों में उभरने का काम समाजकार्य के माध्यम से ही संभव हो सकता है।

समाज के लिए कार्य करने का अवसर नहीं गंवाएं विद्यार्थी

एचडी वैष्णव ने विद्यार्थियों से कहा कि सच्ची श्रद्धा और सच्ची लगन से किया गया काम का कोई मूल्य नहीं होता, बल्कि उस काम में आनंद और खुशी मिलती है। यही काम करने का अवसर समाजकार्य के विद्यार्थियों को भी मिला है। समाज के सर्वांगीण विकास के लिए गांव के अंतिम व्यक्ति तक शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव, घर-घर और हर परिवार में पहुंचाने का अवसर इस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने के बाद मिला है। इसे गंवाना नहीं चाहिए। जिस समाज में जन्म हुआ, उसके लिए कार्य करना चाहिए, क्योंकि समाज ही सर्वोपरि है।

रविवार को संचालित होती हैं कक्षाएं

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विकासखंड समन्वयक दारासिंह चौहान ने कहा कि सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय और मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद का संयुक्त पाठ्यक्रम है। इसमें दूरस्थ शिक्षा पद्धति द्वारा प्रत्येक रविवार कक्षाओं का संचालन किया जाता है। वर्ष भर में 40 कक्षाएं संचालित होती हैं। शासन की गतिविधियों में विद्यार्थियों को भाग लेकर उनमें सामूहिकता, सहभागिता और स्वावलंबन की भावनाओं को विकसित करना ही इस पाठ्यक्रम का मूल उद्देश्य है।

विद्यार्थियों और सहयोगियों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में परामर्शदाता अनूप कुमार जमरे ने परिषद का प्रेरणा गीत गाकर सुनाया। इस दौरान नवांकुर संस्था के मनोज कुलकर्णी, परामर्शदाता संध्या भावसार, राजेश खरते और शांतिलाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राहुल सूर्यवंशी ने किया, जबकि आभार कांतिलाल सेनानी ने माना। कार्यक्रम में समाज कार्य प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!