
जनोदय पंच। इंदौर क्राइम ब्रांच ने फर्जी लिंक भेजकर ऑनलाइन जुआ और सट्टा संचालित करने वाले दो आरोपियों को लिंबोदी की रेसीडेंसी से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट, एटीएम और क्रेडिट कार्ड सहित करीब 5.67 लाख रुपये का मशरूका जब्त हुआ है।
क्राइम ब्रांच की टीम ने लिंबोदी स्थित लोटस रेसीडेंसी में दबिश देकर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले दो आरोपियों को पकड़ा। प्रारंभिक जांच के मुताबिक आरोपी UONO HUB ऐप के माध्यम से लोगों को फर्जी लिंक भेजकर ऑनलाइन जुआ खिलवाते थे।
मोबाइल, लैपटॉप और टैबलेट से चल रहा था खेल
इसके लिए मोबाइल फोन, लैपटॉप और टैबलेट का इस्तेमाल किया जा रहा था। आरोपियों पर ऑनलाइन गैंबलिंग के जरिए लोगों को जोड़कर सट्टा संचालित करने का आरोप है।
5.67 लाख रुपये का मशरूका जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, पांच एटीएम और क्रेडिट कार्ड सहित 7 हजार 500 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 5 लाख 67 हजार 500 रुपये बताई गई है।
नेटवर्क की जांच जारी
क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी लिंक के जरिए ऑनलाइन जुए का नेटवर्क किस तरह संचालित किया जा रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस आरोपियों के नेटवर्क, लेनदेन और ऐप के माध्यम से सट्टा संचालित करने के तरीके की जांच कर रही है। जांच में यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



